पटना : फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर की फिल्म पद्मावत के जौहर सीन को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद बढ़ता जा रहा है. इसी मामले में पटना के कोतवाली थाने में भाजपा नेता कृष्ण सिंह उर्फ कल्लू ने अभिनेत्री के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. भाजपा नेता ने स्वरा भास्कर की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है.

कोतवाली थाने में दी लिखित शिकायत
भाजपा नेता कृष्ण सिंह उर्फ कल्लू ने बुधवार को पटना के कोतवाली थाने पहुंचकर स्वरा भास्कर के खिलाफ लिखित शिकायत दी. शिकायत में उन्होंने अभिनेत्री की ओर से फिल्म पद्मावत के जौहर सीन को लेकर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई है. उनका आरोप है कि इस टिप्पणी से समाज के एक वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं.
‘सार्वजनिक रूप से माफी मांगे स्वरा भास्कर’
शिकायत देने के बाद कृष्ण सिंह कल्लू ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज की महिलाओं और देश की माता-बहनों के सम्मान से जुड़ी किसी भी टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने अभिनेत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है.
पुलिस ने दिया आश्वासन
वहीं, कोतवाली थाना पुलिस की ओर से शिकायत की जांच करने और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है. फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और अभिनेत्री की टिप्पणी से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी.

31 अगस्त के कार्यक्रम में की थी टिप्पणी
दरअसल, 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्वरा भास्कर ने फिल्म पद्मावत के जौहर सीन का जिक्र किया था. इस दौरान उन्होंने सवाल उठाया था कि जौहर जैसे चित्रण से दुष्कर्म पीड़िताओं और सर्वाइवर्स तक किस तरह का संदेश पहुंच सकता है.
स्वरा भास्कर ने अपने वक्तव्य में सवाल किया कि क्या किसी महिला को यह संदेश दिया जाना चाहिए कि वह ऐसी घटना के बाद जीने के लायक नहीं है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या किसी महिला के साथ दुष्कर्म उसकी जिंदगी का अंत माना जाना चाहिए.

सोशल मीडिया पर हुई भारी ट्रोलिंग
अभिनेत्री की टिप्पणी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. विवाद बढ़ने के बाद मंगलवार को स्वरा भास्कर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी.
वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने रानी पद्मावती के बारे में अपमानजनक टिप्पणी नहीं की थी. उनका कहना था कि वह फिल्म में दिखाए गए जौहर के चित्रण के संदर्भ में अपनी बात रख रही थीं.अब इस पूरे मामले को लेकर पटना के कोतवाली थाने में दी गई शिकायत के बाद पुलिस की जांच पर सभी की नजर है. शिकायत पर तथ्यों के आधार पर आगे क्या कार्रवाई होती है, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा.
