खान सर ने हड़प ली 50 लाख की संपत्ति! इस कोचिंग संचालक ने लगाये गंभीर आरोप

पटना: राजधानी पटना में कोचिंग संस्थान से जुड़े विवाद का मामला सामने आया है. खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर पर कोचिंग हड़पने और हत्या की नीयत से रेकी कराने का गंभीर आरोप लगाया गया है. इस मामले में कोचिंग संचालक निखिल कुमार ने पटना के एसएसपी से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.

फैजल खान पर कई गंभीर आरोप

शाहगंज की प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाले निखिल कुमार ने अपनी शिकायत में फैजल खान पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने पटना सिटी के एसडीपीओ 1 राजकिशोर को मामले की जांच का आदेश दिया है. इसके बाद खान सर को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

2014 में कोचिंग सेंटर शुरू करने का दावा

निखिल कुमार के मुताबिक उन्होंने वर्ष 2014 के आसपास करीब 50 लाख रुपये का निवेश कर मुस्तफापुर हाट स्थित विश्वनाथ मार्केट में कोचिंग सेंटर की स्थापना की थी. इसके बाद वर्ष 2019 में पढ़ाने के लिए फैजल खान को कोचिंग में रखा गया था.

कोचिंग की संपत्ति पर अवैध कब्जा

शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में फैजल खान की ओर से कोचिंग की संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया. निखिल कुमार ने आरोप लगाया है कि कोचिंग संस्थान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है. उनका दावा है कि 25 जून 2026 से शाहगंज की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित वर्तमान कोचिंग संस्थान के आसपास आते-जाते समय फैजल खान की ओर से रेकी कराई जा रही है.

सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा

शिकायतकर्ता ने इसे अपनी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है. शिकायत में निखिल कुमार ने आरोप लगाया है कि फैजल खान की ओर से उनकी हत्या कराने की नीयत से रेकी कराई जा रही है. उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है.

आरोप बेबुनियाद

इस मामले में फैजल खान ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की सही तरीके से जांच कर ले. फैजल खान का आरोप है कि उन्हें बदनाम करने के लिए कुछ लोग साजिश कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि वे सिर्फ बच्चों को पढ़ाने का काम करते हैं.

इससे पहले भी विवादों में रहे

बता दें कि इससे पहले भी खान सर विवादों में रहे हैं. 2 जून को खान ग्लोबल सेंटर पर हुए हमला मामले में खान सर ने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग ज्ञान बिंदु के संचालक पर साजिश के तहत हमला करने और फायरिंग करने का आरोप लगाया था. इसके बाद ज्ञान बिंदु के संचालक की गिरफ्तारी हुई थी. हालांकि पुलिस जांच में खान सर के द्वारा फायरिंग कराने का मामला सामने आया था. इसके बाद दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था. करीब एक महीने तक चले इस केस में खान सर और रौशन आनंद को राहत मिली थी. रौशन आनंद, खान सर और अन्य सभी आरोपियों को बेल मिल गई थी.

यूपी की महिला का गंभीर आरोप

बीते दिनों उत्तर प्रदेश की एक महिला ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पटना एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी. महिला ने खान सर पर धोखाधड़ी, अवैध कब्जा और हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया था. महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए खान सर के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई थी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading