भाजपा का साथ देने वाले ‘राजा हरिश्‍चंद्र’ होते हैं, जबकि विरोधियों पर सीबीआइ मुकदमा करती है : तेजस्वी यादव

रेल टेंडर घोटालामें लालू परिवार को नियमित जमानत मिलने के बाद तेजस्‍वी यादव ने केंद्र व बिहार सरकारों की जमकर खबर ली। उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का साथ देने वाले ‘राजा हरिश्‍चंद्र’ होते हैं, जबकि विरोधियों पर सीबीआइ मुकदमा करती है।

रेल टेंडर घोटाला मामले में दिल्‍ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सोमवार को राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्‍नी व पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी तथा बेटे व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव को सीबीआइ व ईडी के मामलों में नियमित जमानत दे दी। इसके लिए लालू यादव की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई, जबकि राबड़ी व तेजस्‍वी सदेह उपस्थित थे।

नियमित जमानत मिलने के बाद कोर्ट से बाहर निकले तेजस्‍वी यादव ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार तथा बिहार की नीतीश कुमार सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्‍होंने दोनों सरकारों पर मिलीभगत कर लालू परिवार को बेवजह फंसाने का आरोप लगाया।

तेजस्‍वी ने कहा कि रेल टेंडर घोटाला में लालू यादव व उनके परिवार को किस तरह फंसाया गया, इसका ख्‍ाुलासा तो मुकदमा दर्ज करने वाली सीबीआइ के तत्‍कालीन निदेशक ही कर चुके हैं। इस साजिश में प्रधानमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी, सुशील मोदी व नीतीश कुमार शामिल रहे।

तेजस्‍वी यादव ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं कि भाजपा का विरोध करने पर किसी को फंसाया गया है। उत्‍तर प्रदेश में अखिलेश यादव के पीछे सीबीआइ लगा दी गई।

आंध्र प्रदेश में जब चंद्रबाबू नायडू ने राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का साथ छोड़ा तो उनके पीछे भी सीबीआइ लगा दी गई।

तेजस्‍वी ने कहा कि भाजपा अपने विरोधियों के खिलाफ सीअीआइ लगा देती है। विरोधियों पर झूठे मुकदमे कराती है। उन्‍होंने तंज कसा कि भाजपा के साथ रहने वाले राजा हरिश्‍चंद्र होते हैं, जबकि विरोधियों के पीछे सीबीआइ लगा दी जाती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.