चोरी के डर से क्रेन से दूसरी मंजिल पर चढ़ाई स्कॉर्पियो, विदेश में रहता है मालिक

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज से एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय इलाकों तक हर तरफ चर्चा का माहौल गर्म कर दिया है. आमतौर पर लोग अपने मकानों की छतों पर पानी की टंकियां, गमले या कपड़े सुखाने का इंतजाम करते हैं लेकिन गोपालगंज के एक शख्स ने सुरक्षा की खातिर अपनी स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से सीधे दो मंजिला मकान की छत पर पहुंचा दिया.

विदेश में रहते हैं मकान मालिक

ये अनोखी घटना गोपालगंज के मांझा थाना क्षेत्र स्थित मीरा टोला गांव की है. यहां के रहने वाले मनोज यादव ने हाल ही में एक नई स्कॉर्पियो क्लासिक खरीदी थी. मनोज यादव खुद इजरायल में नौकरी करते हैं और घर पर केवल उनकी पत्नी रहती हैं.

चोरी से डर से छत पर रखी गाड़ी

मनोज यादव के विदेश जाने के बाद गाड़ी की देखभाल और चलाने के लिए एक ड्राइवर रखा गया था. हालांकि, कुछ समय बाद उस ड्राइवर को भी काम के सिलसिले में विदेश जाना पड़ा. ड्राइवर के चले जाने के बाद परिवार के सामने कार की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई.

दो मंजिला मकान की छत पर कराया पार्क

स्थानीय लोगों का कहना है कि घर में कोई पुरुष सदस्य न होने के कारण परिवार को गाड़ी चोरी होने या उसके क्षतिग्रस्त होने का डर सताने लगा. लंबी अवधि तक कार को सुरक्षित रखने का कोई और उपाय न दिखने पर, मालिक ने एक अनोखा फैसला लिया. उन्होंने एक बड़ी क्रेन बुलाई और भारी-भरकम गाड़ी को हवा में उठवाकर सीधे अपने दो मंजिला मकान की छत पर पार्क करवा दिया.

नजारा कैमरे में कैद

क्रेन की मदद से कार को छत पर उतारने का यह नजारा कैमरे में कैद हो गया और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. नेटिजन्स इस अनोखे जुगाड़ को देखकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे गाड़ी की सुरक्षा का सबसे नायाब तरीका बता रहे हैं तो वहीं कई लोग मकान की छत की मजबूती और भार क्षमता को लेकर चिंता जता रहे हैं.

परिवार के बयान का इंतजार

हालांकि, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि छत इतनी भारी कार का वजन सहने के लिए तकनीकी रूप से सक्षम है या नहीं. फिलहाल, गोपालगंज की यह ‘छत वाली स्कॉर्पियो’ पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई है. अभी तक परिवार से जुड़े किसी सदस्य ने इसको लेकर कोई बयान नहीं दिया है. इस पूरे मामले का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading