ये हुई न बात..! CM सम्राट चौधरी बाढ़ पीड़ितों के साथ खाना खाए, लोगों को 4 लाख का चेक दिया

वैशाली/सारण : बिहार में बाढ़ प्रभावित वैशाली और सारण जिले में चल रहे राहत कार्यों का जायजा लेने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी निकले. सोमवार को हाजीपुर के राहत शिविर का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री सारण जिले के सोनपुर पहुंचे. यहां राहत शिविर में मुख्यमंत्री का अलग अंदाज देखने को मिला. उन्होंने पहले बाढ़ पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और इसके बाद सीधे सामुदायिक किचन पहुंच गए.

बाढ़ पीड़ितों को खाना खिलाया

सामुदायिक किचन में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से खाना खिलाया. मुख्यमंत्री ने शिविर में रह रहे लोगों के साथ खुद भी भोजन किया. सीएम को अपने बीच इस तरह देखकर बाढ़ पीड़ितों में भी उत्साह नजर आया.

‘बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो’

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सभी का सहयोग मिल रहा है. सरकार बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद कर रही है. उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में लोगों के रहने और खाने की व्यवस्था के साथ बच्चों की पढ़ाई की भी व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जा रही है, ताकि बाढ़ के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो.

‘स्थायी निजात दिलाने की दिशा में चल रहा काम’

सीएम ने बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ से स्थायी निजात दिलाने की दिशा में काम कर रही है. इसको लेकर केंद्रीय जल आयोग से भी बातचीत हुई है. योजना बनाई जा रही है कि गंगा के पानी को किस तरह नियंत्रित किया जाए, ताकि हर साल बाढ़ के कारण लोगों को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके.

हाजीपुर में भी किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री सबसे पहले हाजीपुर के जढ़ुआ स्थित गंगाब्रिज थाने के निकट संचालित बाढ़ राहत शिविर पहुंचे. यहां उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया. सामुदायिक किचन का निरीक्षण कर पीड़ितों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की व्यवस्था भी देखी.

पीड़ित परिवारों को दिया मुआवजा

मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया. उन्होंने बच्चों से मुलाकात कर उनकी स्थिति और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली. इसके बाद बाढ़ के दौरान डूबने से जान गंवाने वाले करीब आधा दर्जन लोगों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपए के सहायता राशि के चेक वितरित किए. वहीं, बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का भी वितरण किया गया.

‘स्थिति लगातार सुधर रही’

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया. मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आपदा के समय थोड़ी परेशानी स्वाभाविक है, लेकिन स्थिति लगातार सुधर रही है. गंगा का जलस्तर करीब 17 से 18 सेंटीमीटर नीचे गया है.

मुख्यमंत्री के पहुंचने के दौरान जल संसाधन मंत्री के अलावा सारण के डीएम, एसपी समेत पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को राहत शिविरों में चल रही व्यवस्थाओं और बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.