मुजफ्फरपुर: दिल्ली के सत्य निकेतन में PG भवन गिरने की दर्दनाक घटना में छात्रों की मौत और कई छात्रों के घायल होने के विरोध में आज मुजफ्फरपुर के शहीद जुब्बा सहनी स्मारक स्थल पर SFI (Students’ Federation of India) के बैनर तले “Satyam Niketan Students’ Justice Protest” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने कैंडल जलाकर हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि दी तथा घायल छात्रों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे SFI के जिला सयोजक मो. आरिफ हुसैन ने कहा कि देश की राजधानी में पढ़ाई करने वाले छात्रों को सुरक्षित आवास उपलब्ध नहीं होना बेहद गंभीर चिंता का विषय है। छात्रों और उनके अभिभावकों की मजबूरी का फायदा उठाकर यदि जर्जर और असुरक्षित भवनों में PG संचालित किए जा रहे हैं, तो इसकी जिम्मेदारी केवल मकान मालिक की नहीं बल्कि संबंधित प्रशासनिक तंत्र की भी तय होनी चाहिए।

SFI नेता सन्नी राज ने कहा कि छात्र कोई बोझ नहीं, देश का भविष्य हैं। उनकी जिंदगी के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। दिल्ली सहित देश के सभी शहरों में PG, हॉस्टल और छात्र आवासों की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल जांच हो तथा असुरक्षित भवनों को चिह्नित कर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।


DYFI के जिला सयोजक संतोष कुमार यादव ने मांग की कि सत्य निकेतन हादसे की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए, घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो, मृत छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा घायल छात्रों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाए। वक्ताओं ने कहा कि यह सिर्फ दिल्ली की घटना नहीं है, बल्कि देश के अलग-अलग शहरों में शिक्षा के लिए घर से दूर रहने वाले लाखों छात्रों की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। “हर छात्र को सुरक्षित आवास और सुरक्षित आवास देना सरकार की जिम्मेदारी है.

कार्यक्रम के अंत मे छात्रों ने केंडल जलाकर संकल्प लिया की मृत छात्रों को न्याय दिलाने और देशभर मे छात्र आवासो की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा.कार्यक्रम मे सूरज कुमार सिंह, शाहनवाज हुसैन, फहद ज़मा,अमन जाफरी, समीर, अमजद, सरफराज, मो. ज़ीशान भी शामिल थे.