मुजफ्फरपुर में गिरिराज सिंह के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन, 83 लोगों ने किया रक्तदान

मुजफ्फरपुर: केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह के जन्मदिन के अवसर पर मंगलवार को इमली चौक स्थित एक निजी होटल के सभागार में गिरिराज सिंह फैंस क्लब की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद अजय निषाद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, गिरिराज सिंह के समर्थकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।

शिविर में रक्तदाताओं के स्वास्थ्य की जांच के उपरांत रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि किसी जरूरतमंद मरीज के लिए समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त उसके जीवन की रक्षा का माध्यम बन सकता है। रक्तदान के इस पुनीत अभियान में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद अजय निषाद ने कहा कि गिरिराज सिंह के जन्मदिन के अवसर पर गिरिराज सिंह फैंस क्लब के संरक्षक देवांशु किशोर के नेतृत्व में पिछले 18 वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का मूल उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को कठिन समय में समय पर रक्त उपलब्ध कराना और मानव सेवा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि क्लब की ओर से वर्षभर जरूरतमंद मरीजों की सहायता का प्रयास किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर देर रात तक रक्त की व्यवस्था के लिए क्लब के सदस्य सक्रिय रहते हैं। उन्होंने आमजन, विशेषकर युवाओं से नियमित रक्तदान कर इस पुनीत सेवा अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।

गिरिराज सिंह फैंस क्लब के संरक्षक देवांशु किशोर ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है। क्लब के सदस्य पूरे वर्ष जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए तत्पर रहते हैं और आवश्यकता के अनुरूप रक्त उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी रक्तदान के साथ-साथ अन्य सामाजिक एवं सेवा कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ जारी रखा जाएगा।शिविर के दौरान उपस्थित लोगों ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

83 लोगों ने किया रक्तदान

शिविर में कुल 83 लोगों ने रक्तदान कर इस मानवीय अभियान में अपनी भागीदारी निभाई। प्रमुख रक्तदाताओं में शिव पासवान, निखिल कुमार, सुशांत मेहता, विजय भगत, गोविंद कुमार, गौरव कुमार उर्फ नन्हे जी, दिनेश झा, रौशन कुमार सिंह, सूरज कुमार सिंह, रामानंद मिश्रा, प्रियांशु कुमार, रौनक कुमार, राकेश कुमार, संजय कुमार एवं सतीश कुमार अमीन समेत अन्य रक्तदाता शामिल रहे। शिविर के सफल आयोजन में सिटी ब्लड बैंक की ओर से अवनीश कुमार, संतोष कुमार, शशि कुमार एवं सुभाष कुमार का भी सहयोग रहा।

गिरिराज सिंह फैंस क्लब की ओर से सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। क्लब ने कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत एवं मानवीय कार्य के माध्यम से किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा की नई किरण जगाई जा सकती है और यही सेवा भावना इस अभियान की वास्तविक प्रेरणा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading