गरजती रहीं लालू यादव की सांसद बेटी, बगल में बैठकर चुपचाप सुनते रहे सम्राट चौधरी के मंत्री

पटना : लंबे अरसे बाद मीसा भारती और रामकृपाल यादव एक साथ बैठे नजर आए. मौका था दानापुर प्रखंड कार्यालय में बाढ़ राहत और बचाव कार्यों को लेकर हुई अनुश्रवण समिति की बैठक का. दिलचस्प यह है कि दोनों राजनीतिक रूप से भले ही अलग-अलग खेमों में हों, लेकिन पारिवारिक रिश्ते में रामकृपाल यादव को मीसा भारती का चाचा कहा जाता है.

काफी गुस्से में दिखाई पड़ीं मीसा भारती

बैठक में दोनों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री के वितरण, नावों के संचालन और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने को लेकर चर्चा की. बैठक में काफी नोक झोंक भी हुई. मीसा भारती ने जहां सरकार पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया, वहीं रामकृपाल यादव ने सरकार की ओर से हर संभव प्रयास युद्ध स्तर पर किए जाने की बात कही.

बाढ़ को लेकर अनुश्रवण समिति की बैठक

दरअसल, दानापुर के दियारा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रखंड कार्यालय के सभागार में बैठक बुलाई गई थी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख वंदना राय ने की. इसमें सांसद मीसा भारती, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि शामिल हुए. दियारा की छह पंचायतों में बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव की तैयारियों की समीक्षा की गई. हाल के दिनों में दानापुर और आसपास के दियारा इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

‘सरकारी नाव उपलब्ध नहीं’

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल भी उठाए. खासकर पर्याप्त संख्या में सरकारी नाव उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. मीसा भारती ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री के साथ पर्याप्त नावों का संचालन जरूरी है, ताकि पानी से घिरे लोगों तक समय पर मदद पहुंचाई जा सके. बैठक में राहत सामग्री के वितरण और नाव परिचालन की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की गई.

दोनों एक-दूसरे के खिलाफ लड़े थे चुनाव

मीसा भारती और रामकृपाल यादव की यह तस्वीर इसलिए भी खास है, क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों पाटलिपुत्र सीट पर आमने-सामने थे. उस चुनाव में राजद की मीसा भारती ने भाजपा के रामकृपाल यादव को 85,174 वोटों के अंतर से हराया था. राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद बाढ़ जैसी आपदा के समय दोनों का एक साथ बैठक में मौजूद रहना क्षेत्रीय राजनीति की अलग तस्वीर पेश किया. हालांकि दोनों अपने-अपने पॉलीटिकल स्टैंड पर नजर आएं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading