दरभंगा : दरभंगा के सिंहवाड़ा प्रखंड के कोरा स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में छात्रा से छेड़खानी के आरोप को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने स्कूल का घेराव कर जमकर हंगामा मचाया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर में जुट गए, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

आरोपित शिक्षक की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के भराठी निवासी राजेश कुमार पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने आरोपी शिक्षक को उसके घर से गिरफ्तार में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि छात्रा से छेड़खानी को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।

हंगामे की सूचना पर सिंहवाड़ा, सिमरी, कमतौल और मब्बी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। कमतौल एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस छात्रा और उसके परिजनों से पूछताछ के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल आरोपी शिक्षक पुलिस हिरासत में है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।