सवारी के बहाने बड़ा खेल! ऑटो में महिलाओं को निशाना बनाने वाली 3 शातिर महिला चोर गिरफ्तार, पुलिस के हत्थे चढ़ा गैंग

मधुबनी: मधुबनी में ऑटो से सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी करने के मामले में नगर थाना पुलिस ने समस्तीपुर की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी गया सोने का लॉकेट और 5,500 रुपये बरामद किए हैं. पुलिस अब तीनों से पूछताछ कर ऑटो में चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है.

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान समस्तीपुर जिले की शकुंतला देवी, नेहा देवी और बिहुला देवी के रूप में हुई है. पुलिस निरीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि तीनों आरोपित अलग-अलग समय पर ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं.

महिला के गले से निकाल लिया सोने का लॉकेट

महंथी लाल चौक निवासी कांति देवी ऑटो से सफर कर रही थीं. इसी दौरान आरोपित महिलाओं ने उनके गले से सोने का लॉकेट निकाल लिया. घटना के बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीनों महिलाओं तक पहुंची.

ऑटो में सफर कर रही दूसरी महिला का पर्स चोरी

वहीं, गांधी चौक निवासी सरिता देवी के साथ भी ऑटो में चोरी की घटना हुई थी. ऑटो से सफर करने के दौरान उनका पर्स चोरी कर लिया गया. पर्स में 5,500 रुपये रखे हुए थे. दोनों घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की.जांच के दौरान तीनों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उनकी निशानदेही पर चोरी गया सोने का लॉकेट और 5,500 रुपये बरामद कर लिए गए.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों महिलाओं ने मधुबनी में ऑटो से सफर करने वाली कितनी अन्य महिलाओं को अपना निशाना बनाया है. इसके अलावा पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड और दूसरे मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading