मुजफ्फरपुर में कबूतर उड़ान प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान, पवन कुमार रहे प्रथम

मुजफ्फरपुर: शहर के लकड़ीढाई स्थित डी.एस. फॉर्म हाउस में रविवार को स्वर्गीय दामोदर प्रसाद सिंह पीजेंस एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित कबूतर उड़ान प्रतियोगिता के विजेताओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों के साथ विजेताओं को मोमेंटो और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

एसोसिएशन के अनुसार, बीते 31 मई को पूरे बिहार में कबूतर उड़ान प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर, पटना, गया समेत बिहार के विभिन्न जिलों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर के पवन कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं गया के प्रदीप कुमार ने द्वितीय और अजीत कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राकेश कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक, CRPF, एन.के. सिन्हा और अभिषेक सिन्हा मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया और प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के आयोजन में अजय सिंह, विजय कुमार सोनी, रवि आनंद और श्रेय राज सैंटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष मई महीने में कबूतर उड़ान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य कबूतर उड़ान की इस पारंपरिक प्रतियोगिता को आगे बढ़ाना और कबूतर पालन से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करना है।

समारोह के दौरान प्रतिभागियों और अतिथियों के बीच उत्साह का माहौल रहा। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से पारंपरिक खेल और कबूतर पालन से जुड़ी गतिविधियों को एक मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.