मुजफ्फरपुर एसएसपी के विशेष अभियान का दिखा जमीनी असर, इलाज कराने अस्पताल पहुंची बुजुर्ग महिला को पहुँचाया घर

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से पुलिस की दरियादिली और संवेदनशीलता की एक सुखद खबर सामने आई है। सदर अस्पताल में इलाज कराने पहुंची एक बुजुर्ग महिला को जब काफी देर इंतजार के बाद भी परिजनों का सहारा नहीं मिला, तो स्थानीय पुलिस ने अपनी गश्ती गाड़ी से महिला को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया। पुलिस के इस मानवीय कार्य के बाद भावुक बुजुर्ग महिला ने हाथ जोड़कर मुजफ्फरपुर पुलिस और पुलिस कप्तान के प्रति आभार जताया।

पूरा मामला सिकंदरपुर ओपी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 का है, जहां के निवासी अनीश कुमार सिंह की पत्नी बिंदु सिंह अपना इलाज कराने मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल पहुंची थीं। इलाज पूरा होने के बाद उन्होंने अपने परिजनों को फोन कर अस्पताल आने को कहा, लेकिन लंबे समय तक कोई भी परिजन उन्हें लेने नहीं पहुंचा। थक-हारकर बुजुर्ग महिला ने सिकंदरपुर ओपी थानाध्यक्ष राकेश मोहन से फोन पर संपर्क किया और स्थिति बताते हुए घर तक छुड़वाने की सहायता मांगी।

महिला की स्थिति और विनती को देखते हुए सिकंदरपुर ओपी थानाध्यक्ष राकेश मोहन ने तुरंत संज्ञान लिया और थाने में तैनात ‘डायल 112’ की आपातकालीन टीम को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचने का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और बुजुर्ग महिला को सम्मानपूर्वक पुलिस वैन में बैठाकर उनके घर तक सुरक्षित पहुंचा दिया। इस त्वरित मदद से अभिभूत होकर महिला ने पुलिसकर्मियों का दिल से धन्यवाद दिया।

गौरतलब है कि महज दो दिन पूर्व ही मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित जुब्बा सहनी पार्क पहुंचकर शहर के वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की थी। इस दौरान पुलिस कप्तान ने अकेले रहने वाले या असहाय वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत शहर के सभी वरिष्ठ नागरिकों का मोबाइल नंबर संबंधित थानों में दर्ज कर सप्ताह में एक बार फोन कर उनका कुशलक्षेम पूछने का निर्देश दिया गया था।

अस्पताल में असहाय पड़ी बुजुर्ग महिला को समय पर मिली इस मदद को एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा द्वारा चलाए गए इसी अभियान का सकारात्मक और जमीनी असर माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और बुद्धिजीवियों ने भी मुजफ्फरपुर पुलिस के इस कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading