बिहार में आंधी पानी मचाएगी तबाही? पटना में छाया अंधेरा, 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को राज्य के सभी 38 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें 19 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट, जबकि 19 जिलों में मध्यम बारिश के मद्देनजर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान एहतियात बरतने की हिदायत दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में इसके और प्रभावी होने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के आसपास पहुंच सकता है। इसके असर से बिहार में बारिश की गतिविधियां और तेज होने के आसार हैं।

राजधानी पटना में आज आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। एक-दो दौर में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटे में पटना में दिन के वक्त तेज धूप रही, लेकिन शाम होते ही मौसम का मिजाज बदल गया और घने काले बादल छा गए।

पश्चिम चंपारण से भागलपुर और किशनगंज से औरंगाबाद तक कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। उत्तर बिहार में बारिश की संभावना अपेक्षाकृत अधिक है, जबकि दक्षिण बिहार में कुछ स्थानों पर तेज हवा, बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 24 सितंबर के बाद भी बारिश से फौरी राहत मिलने के आसार कम हैं। 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी है। 26 और 27 सितंबर को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading