मुजफ्फरपुर: गोशाला रोड स्थित सेंट जेवियर्स जूनियर/सीनियर स्कूल परिसर में ‘सिट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कल्पनाशक्ति व रचनात्मक प्रतिभा को रंगों के माध्यम से कागज पर उतारा।


प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मक प्रतिभा को निखारना, उनकी कल्पनाशक्ति को बढ़ावा देना और कला के प्रति रुचि विकसित करना रहा। विद्यार्थियों को उनकी उम्र और कक्षा के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया था और प्रत्येक वर्ग के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए थे।


प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। खासकर छोटे बच्चों ने रंगों के जरिए अपनी कल्पनाओं को आकर्षक रूप दिया, वहीं बड़े विद्यार्थियों ने भी अपनी रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या आशा किरण सिन्हा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कला अभिव्यक्ति का सबसे सशक्त माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों की कल्पनाशक्ति विकसित होने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।


प्रतियोगिता के परिणाम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं के नामों की घोषणा की गई। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के उप-प्राचार्य दीपक चंद्र सिन्हा, इंचार्ज मारली दत्त, राज शर्मा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।




