मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में बाढ़ के साथ बहकर आए 12 हिरणों को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया है. ये हिरण जिले के पारू और साहेबगंज इलाके में बाढ़ के पानी के बीच फंसे मिले थे. सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद सभी हिरणों को सुरक्षित बाहर निकाला.

12 हिरणों को बाढ़ से किया गया रेस्क्यू
रेस्क्यू किए गए 12 हिरणों में 4 नर और 8 मादा हैं. इनमें एक हिरण घायल अवस्था में मिला है. वन विभाग के चिकित्सक की निगरानी में घायल हिरण का उपचार किया जा रहा है. फिलहाल सभी हिरणों को मुजफ्फरपुर के शेरपुर स्थित वन विभाग के कार्यालय अरण्य विहार में रखा गया है.

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व भेजे जाएंगे हिरण
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घायल हिरण के उपचार और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी 12 हिरणों को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) भेजा जाएगा. हिरणों के रेस्क्यू का अभियान पूर्वी रेंज के रेंजर विकास कुमार के नेतृत्व में चलाया गया. रेस्क्यू टीम में वनरक्षी राबिन कुमार, सूरज कुमार, शशिशेखर और मोती सहनी शामिल रहे.

बहकर आने वाले जीवों पर विभाग की नजर
बाढ़ के पानी में वन्यजीवों के बहकर आने के बाद वन विभाग की टीम उनकी निगरानी और रेस्क्यू में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में वन्यजीवों के मिलने की सूचना पर तत्काल टीम भेजकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है.


