नवरात्र उत्सव में ‘एक शाम माँ दुर्गा के नाम’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन

मुजफ्फरपुर: नवरात्र उत्सव के पावन अवसर पर ‘एक शाम माँ दुर्गा के नाम’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ दुर्गा की स्तुति ‘या देवी सर्वभूतेषु मातृरूपेण संस्थिता’ एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और देवी आराधना से वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में डॉ. रमेश केजरीवाल, डॉ. संजय पंकज, श्रीमती किरण केजरीवाल, श्री कमलेश दिव्यदर्शी, डॉ. पुष्पा प्रसाद, श्रीमती सीमा ,डॉ भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

स्वागत भाषण सुरंगमा कला केंद्र की ओर से डॉ. पुष्पा प्रसाद ने प्रस्तुत किया। वहीं, सरस्वती कला केंद्र की संचालिका एवं नृत्यांगना श्रीमती सीमा द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं कलाकारों ने माँ दुर्गा की महिमा का गुणगान किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत कलाकारों ने गणेश वंदना, देवी गीत, दुर्गा स्तुति, आरती एवं भक्ति संगीत सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में देवी आराधना और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नवयुवक समिति ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. रमेश केजरीवाल ने की। संगीत प्रस्तुतियों में वादक कलाकारों की अहम भूमिका रही। हारमोनियम पर डॉ. सिद्धि शंकर मिश्रा, तबले पर मुकुल पांडेय तथा पर्कशन पर मुन्ना मिश्रा ने अपनी शानदार संगत से कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। कलाकारों की बेहतरीन प्रस्तुतियों और वादकों की सधी हुई संगत ने पूरे माहौल को संगीतमय एवं भक्तिमय बना दिया।

आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और भारतीय कला को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के समापन पर माँ दुर्गा से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading