मुजफ्फरपुर: महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय में नांदी फाउंडेशन के महिंद्रा प्राइड क्लासरूम कार्यक्रम के अंतर्गत 26 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक आयोजित एक सप्ताह के रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को हुआ।


इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की लगभग 50 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। गणित, वाणिज्य, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी सहित विभिन्न विभागों की छात्राओं ने इसमें भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है।


महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अलका जायसवाल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक कौशल और व्यावसायिक दक्षता भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।


कार्यक्रम की संयोजक डॉ. माला ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को शैक्षणिक ज्ञान और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।इसके माध्यम से छात्राओं को जीवनोपयोगी कौशल, व्यावसायिक दक्षता तथा रोजगार से संबंधित आवश्यक योग्यताओं की जानकारी प्राप्त होगी। इससे उन्हें भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।

महिंद्रा प्राइड क्लासरूम की समन्वयक एवं रिसोर्स पर्सन स्पर्धा श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत कराई। कार्यक्रम में प्रतिभागी छात्राओं के अलावा मीडिया प्रभारी एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ राकेश रंजन, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ सगुफ्ता नाज, दर्शन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ नेहा रानी, डॉ रिंकु कुमारी, डॉ देवाश्रुति घोष , डॉ आशा सिंह यादव, डॉ रामदुलार सहनी, डॉ शमसीर अली आदि मौजूद थे।
