डायट रामबाग में फ्रेशर उत्सव की धूम, रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच नव प्रशिक्षुओं का हुआ स्वागत

मुजफ्फरपुर: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), रामबाग, मुजफ्फरपुर में डी.एल.एड. प्रथम वर्ष सत्र 2026-28 के प्रशिक्षुओं के स्वागत में फ्रेशर उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव प्रशिक्षुओं का स्वागत करने, उनके मन से संकोच एवं हिचकिचाहट दूर करने तथा उन्हें डायट की कार्य संस्कृति से परिचित कराना था। कार्यक्रम की संपूर्ण जिम्मेदारी डायट के मार्गदर्शन में द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं को सौंपी गई थी।

कार्यक्रम का उद्घाटन डायट के प्राचार्य  इन्द्रजीत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नव आगंतुकों का हर्षोल्लास के साथ स्वागत करना भारतीय संस्कृति की पहचान है।

उन्होंने प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गुणवत्ता और निष्ठा के साथ करें तथा भविष्य में एक बेहतर शिक्षक बनकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रशिक्षुओं को बहुआयामी व्यक्तित्व विकसित करने और जीवन में सक्रिय एवं सकारात्मक बने रहने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं द्वारा आकर्षक रैम्प वॉक प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं ने नृत्य, गायन, नाटक और हास्य-व्यंग्य सहित विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक जीवन की रोचक एवं भावपूर्ण झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

समारोह के समापन पर प्रथम वर्ष के सभी प्रशिक्षुओं ने डायट परिवार के व्याख्याताओं एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस आयोजन को अपने नए शैक्षणिक सफर की यादगार शुरुआत बताया।

इस अवसर पर डायट के वरीय व्याख्याता डॉ. रश्मि, डॉ. पवन कुमार, डॉ. उपेन्द्र,  पंकज कुमार, सुजीत कुमार,  प्रिय रंजन, विजय कुमार, रवीन्द्र कुमार, अमित सौरभ, दीपइत्ती, शालिनी, संतोष कुमार, अर्जुन गिरी, राकेश सिन्हा,  कलामउल्ला सहित ह्यूमाना की सृष्टि कुमारी उपस्थित थीं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.