कन्हौली मठ में 11 वर्षों से जारी चित्रगुप्त पूजा की परंपरा, 12वें वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ मना पूजनोत्सव

मुजफ्फरपुर: शहर के वार्ड संख्या 47 स्थित कन्हौली मठ, मस्जिद चौक के प्रिंटमैन कैंपस में बुधवार को श्री श्री 108 चित्रगुप्त पूजन महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस आयोजन में सुजीत कुमार, अजीत कुमार और सौरभ की प्रमुख भूमिका रही।

पूजा में नगर विधायक रंजन कुमार, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा, एबीसीडी डांस क्लास के निदेशक मुकेश सर्कल सहित शहर के कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि एवं समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोग शामिल हुए।

पिछले 11 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही इस पूजा का यह 12वां वर्ष रहा। इस अवसर पर विधि-विधान के साथ भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं ने कलम-दवात की पूजा कर सुख, समृद्धि और बुद्धि-विवेक का आशीर्वाद मांगा।

अजीत कुमार ने बताया कि पिछले 11 वर्षों से मोहल्लेवासियों के सहयोग से इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। चित्रगुप्त पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकजुटता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का भी माध्यम है।

वहीं मनीष कुमार ने कहा कि आयोजन में हर वर्ष समाज के बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न वर्गों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। युवाओं में भी पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिलता है। सौरभ ने कहा कि युवा भी इस आयोजन से जुड़कर परंपरा को आगे बढ़ाने में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा संध्या में आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.