छठ घाटों की व्यवस्था को लेकर सक्रिय हुए कांटी विधायक अजीत, दूसरे दिन भी 400 जरूरतमंद महिलाओं के बीच बांटी पूजन सामग्री

मुजफ्फरपुर: छठ महापर्व पर व्रतियों की सुविधा और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने गुरुवार को दूसरे दिन भी पूजन सामग्री वितरण अभियान चलाया। इस दौरान कांटी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचीं करीब 400 छठ व्रती महिलाओं के बीच गेहूं, चावल और साड़ी वितरित की गई।

विधायक ने कहा कि छठ आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का पर्व है। इस महापर्व में कोई भी परिवार आर्थिक अभाव के कारण पीछे न रह जाए, इसी सोच के साथ जरूरतमंद व्रतियों के बीच सामग्री बांटी जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और कमजोर वर्गों की खुशियों में सहभागी बनना उनके लिए संतोष का विषय है।

वहीं, सामग्री वितरण के बाद विधायक ने कांटी और मड़वन के विभिन्न छठ घाटों का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की स्थिति, साफ-सफाई, रोशनी, संपर्क मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अर्घ्य के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

विधायक ने कहा कि छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.