एक कमिश्नर के खिलाफ किसी जांच को क्यों रोकना चाहती ममता बनर्जी : रूपा गांगुली

सीबीआई बनाम पश्चिम बंगाल पुलिस प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए  रूपा गांगुली ने कहा कि सीबीआई ने इस मामले की जांच सर्वोच्च अदालत के निर्देश पर शुरू की थी। इस मामले को चलते हुए भी काफी समय हो चुका है। ऐसे में तृणमूल नेताओं का सीबीआई जांच के पीछे राजनीति का आरोप लगाना बिलकुल गलत है।

इसकी बजाय, ममता बनर्जी को इस बात का जवाब देना चाहिए कि एक कमिश्नर के खिलाफ किसी जांच को वह क्यों रोकना चाहती हैं। आखिर एक पुलिस अधिकारी पर हो रही किसी जांच को वे राजनीति से कैसे जोड़ रही हैं।

गांगुली ने बताया कि इसके पहले पंचायत चुनाव में जब बंगाल में भाजपा नेताओं के द्वारा नाम दाखिल करने से भी रोका जा रहा था, तब राजीव कुमार से अपील की गई थी। लेकिन उन्होंने पार्टी की अपील पर कोई ध्यान नहीं दिया था।


गवर्नर के साथ प्रशासन के मुद्दे पर हुई एक मीटिंग में भी वे अपनी बात रखने नहीं आये थे। ऐसे में ममता बनर्जी को बताना चाहिए कि वे राजीव कुमार को क्यों बचाना चाहती हैं।

रूपा गांगुली ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से ममता बनर्जी परेशान हो गई हैं। वे भाजपा नेताओं की रैलियों को अलोकतांत्रिक तरीके से रोकने की कोशिश कर रही हैं। हेलिकॉप्टर नहीं उतरने दे रही हैं।

लोगों को रैली स्थल पर नहीं आने दे रही हैं। लेकिन खुद एक जमीनी नेता रह चुकी ममता बनर्जी को समझना चाहिए कि इस तरह की हरकतों से जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने इस मामले को भाजपा के गलत इरादों का एक और उदहारण बताया है। प्रशांत भूषण ने कहा कि सीबीआई के पास इस मामले की जांच करने का पूरा अधिकार है और कानूनन इस पर सवाल नहीं उठाया जा सकता, लेकिन जिस तरह से जांच की जा रही है, वह लोगों के इरादों पर सवाल खड़े करता है।

इसके अलावा मुकुल रॉय जैसे सारदा घोटाला के उन आरोपियों को इसी मामले में आरोप मुक्त बता दिया जाता है जिन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है। ऐसे में सीबीआई की जांच के तरीके पर सवाल उठना लाजिमी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.