राहुल गांधी देश की रक्षामंत्री और सर्वोच्च अदालत की बात पर भरोसा नहीं करते, लेकिन एक अधिकारी की बात पर ज्यादा भरोसा है : भाजपा प्रवक्ता

भाजपा ने राफेल मामले पर राहुल गांधी के बयान को उनकी झूठ की फैक्ट्री का एक और घटिया उत्पाद बताया है। बीजेपी प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि देश की रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने इस मामले पर लोकसभा में बयान दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने राफेल मामले की सुनवाई करते हुए स्पष्ट किया है कि इस मामले की खरीद में प्रक्रिया का पूरा पालन किया गया, और राफेल विमानों की खरीद में कैबिनेट कमेटी ऑन डिफेन्स की सहमती ली गई थी। इसके बाद विवाद के लिए कुछ शेष नहीं रह जाना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता अग्रवाल ने कहा कि यह देखने वाली बात है कि राहुल गांधी देश की रक्षामंत्री के लोकसभा में दिए गये बयान पर भरोसा नहीं करते हैं, सर्वोच्च अदालत की बात पर भरोसा नहीं करते हैं, लेकिन एक अधिकारी की बात पर ज्यादा भरोसा दिखाते हैं। उनसे पूछा जाना चाहिए कि वे एक अधिकारी के एक नोट को रक्षामंत्री और सुप्रीम कोर्ट से ज्यादा भरोसेमंद क्यों मानते हैं?

कांग्रेस का कहना है कि उसने अपने कार्यकाल में राफेल की कीमत 526 करोड़ रूपये प्रति विमान तय की थी। लेकिन भाजपा सरकार ने इसे 1670 करोड़ रूपये प्रति विमान की कीमत पर विमान समझौते को अंतिम रूप दिया।

इस मसले पर भाजपा का तर्क है कि विमान की 526 करोड़ की कीमत रूपये के अवमूल्यन और समय अधिक होने के कारण बढ़ती गई है। इसके आलावा विमानों पर लगाये जाने वाली मिसाइलों और अन्य युद्धक उपकरणों के कारण विमान की कीमतों में इजाफा हुआ है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.