रणवीर सिंह खुद कहते हैं कि उनकी ऊर्जा को काबू कर पाना खुद उनके अपने बस की बात नहीं है। इसी के चलते वह कभी कभी मुश्किल में भी फंस जाते हैं लेकिन रणवीर सिंह ने अपनी ऊर्जा का गायिकी में जिस तरह इस्तेमाल किया है, वह संगीत उद्योग के लिए इस नए साल का नया सरप्राइज बन चुका है।
हिंदी सिनेमा में अभिनेताओं का अपने किरदार के लिए गाने गाना नई बात नहीं है। सच तो ये है कि पार्श्वगायन का दौर आने से पहले सारे सितारे अपने गाने खुद ही गाते थे लेकिन, अमिताभ बच्चन के दौर के बाद से हर बड़ा सितारा अपने करियर में दो चार बढ़िया गाने अपनी आवाज में रिकॉर्ड करवाता ही रहा है।

जमाना इन दिनों रणवीर सिंह का दीवाना है तो अपने दीवानों से याराना निभाने के लिए रणवीर ने भी अपनी अगली फिल्म गली ब्वॉय में खूब गाना गाया है।
गली ब्वॉय का बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर कर रणवीर मुंबई लौटे तो यहां इस फिल्म के गाने अपना टाइम आएगा के साल का पहला चार्ट बस्टर बनने की खबर उनका इंतजार करती मिली।

रणवीर का ये गाना सारे म्यूजिक चार्ट्स पर नंबर वन बन चुका है। रणवीर से इस कामयाबी के बारे में बात चली, तो वह बोले, ‘मैं बचपन से ही हिप हॉप आर्टिस्ट बनना चाहता था। लोगों ने मुझे इस कला के लिए भी सराहा है तो मेरा सिर शुक्रिया में झुक चुका है। मैंने अपना सब कुछ इस फिल्म में झोंक दिया था।
मेरी आत्मा जानती है कि इसके पीछे कितने दिनों की मेहनत लगी है। मेरे लिए ये कामयाबी बहुत ही निजी, भावपूर्ण और सिनेमा में मेरे अब तक के करियर का बहुत ही खास लम्हा है।’इस फिल्म का निर्देशन जोया अख्तर कर रही हैं।
