जिम संचालक ने रैकी कर करवाई थी व्यापारी से लूट की वारदात

जयपुर. शहर के सांगानेर इलाके में 27 सितंबर को एक व्यापारी पर हमला कर नकदी लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। इस वारदात का मास्टमाइंड एक जिम संचालक है। जिसने रैकी कर अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई और उसे अंजाम तक पहुंचाया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटे गए 1.30 लाख रुपए और लूट में प्रयुक्त एक बाइक बरामद कर ली है। वहीं, वारदात में शामिल तीन बदमाश अभी फरार है। जिन्हें नामजद कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।

जिम संचालक रखता था निगाह, बदमाशों को बुलाकर रुपयों का लालच दिया और करवाई लूट

डीसीपी पूर्व गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सत्तार उर्फ समीर (21) निवासी कानपुर उत्तरप्रदेश हाल किसान कॉलोनी सांगानेर जयपुर है। दूसरा आरोपी हसीन खान (24) निवासी पीपलू, टोंक हाल मुहाना जयपुर और तीसरा आरोपी मोहम्मद अली (27) निवासी अमरोहा यूपी है। मोहम्मद अली जयपुर के सांगानेर में स्टेशन रोड पर डायमंड प्लाजा में स्थित स्पर्टन जिम का संचालक है।

वहीं, इसी गैंग में शामिल गंगापुर सिटी, सवाईमाधोपुर निवासी आरोपी सेफुल इस्लाम उर्फ सेफुल, आरोपी अंशु उर्फ अंसार अली निवासी गिरधारीपुरा कच्ची बस्ती, करणीविहार जयपुर तथा छठां आरोपी विवेक नंदवाल निवासी इंदिरा कॉलोनी शिवाड़, सवाईमाधोपुर है। ये तीनों बदमाश फरार चल रहे है।

रात साढ़े 11 बजे दुकान से घर लौटते वक्त व्यापारी पर हमला कर लूटे थे ढाई लाख रुपए

एसपी गौरव यादव ने बताया कि सांगानेर में किराणा दुकान करने वाले कारोबारी भावनदास 27 सितंबर को रात साढ़े 11 बजे दुकार से घर लौट रहे थे। तभी कोहिनूर सिनेमा के सामने बदमाशों ने भावनदास पर हमला कर दिया। उनके कब्जे से करीब ढ़ाई लाख रुपयों से भरा बैग व उनकी गाड़ी छीनकर भाग निकले। ये बदमाश दो बाइक व एक कार में बैठकर आए थे।

वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। एसीपी सांगानेर पूनमचंद विश्नोई व थानाप्रभारी लखन खटाना के निर्देशन में टीम गठित की गई। इसमें शामिल कमिश्नरेट की सायबर सेल के प्रभारी हैडकांस्टेबल रतनदीप और स्पेशल टीम के सबइंस्पेक्टर पन्नालाल की टीम ने पड़ताल शुरु की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तकनीक से जिम संचालक तक पहुंची पुलिस और हुआ लूट का खुलासा

सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी आधार पर सुराग हाथ लगे। तब पुलिस ने इस गैंग में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल डीसीपी हनुमान प्रसाद ने बताया कि भावनदास की दुकान के सामने आरोपी मोहम्मद अली एक जिम चलाता है। वह यूपी का रहने वाला है।

वह कई दिनों से भावनदास व उसकी दुकानदारी पर निगाह रख रहा था। तब उसने मोटी रकम लूटने की साजिश रची। इसके लिए मोहम्मद अली ने बदमाश सेफुल व अंशु अली को रुपयों का लालच देकर प्लानिंग की और 27 सितंबर को व्यापारी भावनदास पर हमला कर लूट लिया।

पुलिस की पीसीआर वेन आ गई, इससे एक बार पहले टल गई थी लूट की वारदात

इसके बाद एक कमरे में इकट्‌ठा होकर लूट की रकम को बराबर बांट लिया। पूछताछ में सामने आया कि वारदात से दो दिन पहले भी इस गैंग ने भावनदास को लूटने का प्रयास किया था। वे मौके पर पहुंचे। तभी गश्त कर रही पुलिस की पीसीआर वेन आ गई। इससे घबराकर उन्होंने लूटपाट को टाल दिया।

पुलिस को देखकर बदमाश वहां से चले गए। फिर दो दिन बाद रैकी कर वारदात की। इसी गैंग ने सांगानेर में दादाबाड़ी स्थित दुकान मालिक राजेश गुप्ता से देर रात मारपीट की थी और 50 हजार रुपयों से भरा उनका बैग लूटकर भाग निकले थे।

एसीपी पूनमचंद विश्नोई ने बताया कि गैंग का सरगना सेफुल पहले प्रताप नगर थाना, जयपुर में डकैती की साजिश रचने के केस में गिरफ्तार हो चुका है।उसके साथी अंशु उर्फ अंसार अली के खिलाफ करणीविहार में लूट के दो केस दर्ज है।

इनमें एक केस में फरार था। वहीं, सत्तार उर्फ समीर के खिलाफ भी सांगानेर मं लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट व चोरी के मुकदमे दर्ज है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading