रणवीर सिंह अपनी फिल्म गली ब्वॉय को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का प्रमोशन करने में उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। वैलेंटाइन डे के मौके पर रिलीज हुई गली ब्वॉय को क्रिटिक्स ने मिले-जुले रिएक्शन दिए हैं जिसके बाद अब निगाहें इसके कलेक्शन पर टिकी हैं।
वैलेंटाइन डे पर छुट्टी नहीं होती लेकिन ऐसा लगता है युवाओं ने अपने प्यार को सेलिब्रेट करने के लिए फिल्म देखना बेहतर समझा। पहले दिन का कलेक्शन उम्मीद से कहीं ज्यादा रहा।

अंदाजा लगाया गया था कि ये फिल्म 12-15 करोड़ रुपये कमा सकती है लेकिन पहले दिन इसने रिकॉर्ड तोड़ कमाई की। फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने ट्वीट किया कि गली ब्वॉय की शानदार शुरुआत, ऑफिशियल छुट्टी नहीं होने के बावजूद अच्छी कमाई। खासकर मेट्रो सिटी में ये रॉकिंग रहा।
फिल्म ने पहले दिन गुरुवार को 18.70 करोड़ का कलके्शन किया। फिल्म कुल 3350 स्क्रीन्स पर रिलीज की गई है। गली ब्वॉय की कहानी मुंबई की मलिन बस्तियों में रहने वाले एक साधारण मुस्लिम परिवार के लड़के की कहानी है,जो आर्थिक रूप से कमजोर है और जिसका सपना एक रैपर बनने का है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा आलिया भट्ट भी मुख्य भूमिका में हैं।

फिल्म में उनका किरदार भी एक मुस्लिम लड़की का है। वहीं कल्की केकलां की भी अहम भूमिका है जबकि इसका निर्देशन जोया अख्तर ने किया है।
गली ब्वॉय के लिए एक बुरी खबर आई है कि रिलीज के एक दिन बाद ही ये ऑनलाइन वेबसाइट पर लीक कर दी गई। जाहिर है ऐसे में फिल्म के कलेक्शन पर असर दिख सकता है। रिलीज से पहले ‘गली ब्वॉय’ को बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में दिखाया गया है। जहां उसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला।
