मुजफ्फरपुर. बालिका गृह में किशोरी की मौत का राज ब्रजेश ठाकुर के प्रेस के स्टाफ साहू रोड के गुड्डू पटेल ने रिमांड पर 13 दिनों की पूछताछ के बाद खोल दिया है। किशोरी के शव को श्मशान में दफना दिया गया था। सीबीआई टीम ने बुधवार को सिकंदरपुर श्मशानघाट से किशोरी का कंकाल व हड्डियां खोज निकाला।
गुड्डू ने श्मशान में शव दफनाए गए स्थल की निशानदेही की। बॉबकट मशीन से खुदाई करने पर मानव कंकाल, नर मूंड और हड्डियों का अवशेष मिला।
सीबीआई हड्डियों को ले गई। विशेष पॉक्सो कोर्ट में गुरुवार को सीबीआई हड्डियों को पेश करेगी। कार्ट से अनुमति लेकर इसकी जांच सेंट्रल फॉरेंसिक लैब में कराई जाएगी।
अब यह मामला 34 किशोरियों से यौन हिंसा, दुष्कर्म और उन्हें सुविधा मुहैया कराने के नाम पर योजना की राशि गबन का नहीं रह जाएगा। अब हत्या और लाश छिपाने की साजिश को लेकर भी कार्रवाई शुरू होगी।
महाकाल मंदिर के पीछे खुदाई पर मिलीं हड्डियां
मजिस्ट्रेट व पुलिस के साथ सुबह 11 बजे सीबीआई श्मशानघाट पहुंची। महाकाल मंदिर के पीछे साढ़े तीन फीट गड्ढा खोदे जाने के बाद हड्डियां मिलने लगीं।
बालिका गृह में दुष्कर्म का विरोध करने पर किशोरियों को काफी मारा-पीटा जाता था। इसी क्रम में एक की मौत हो गई थी। उसकी लाश को संचालक व कर्मियों ने दफना दिया था।
पुलिस ने लाश की तलाश में ब्रजेश ठाकुर के आवासीय परिसर में खुदाई कराई थी। लेकिन, तब लाश या हड्डियां नहीं मिली थीं।
गुड्डू पटेल ने सीबीआई को बताया कि बालिका गृह में दो साल पहले एक किशोरी की मौत हो गई थी।
किशोरी लाल फ्रॉक पहने हुई थी। उसकी लाश को सुबह 4 बजे बोरे में रखकर सफेद चादर में लपेटकर गाड़ी से श्मशान ले जाया गया था।
गड्ढे से हड्डियों के साथ लाल फ्रॉक और बोरे का अंश भी मिला है। गले से टूटा हुआ एक हार भी निकला। यौन उत्पीड़न का विरोध करने वाली किशोरी को मरने के बाद कफन भी नसीब नहीं हुआ था।
उधर नहीं, यहां खोदो; और मिल गया कंकाल
लाश खोजने के लिए जब गड्ढा खोदा गया तो बॉबकट मशीन चालक ने उसके बताए स्थल से दो फीट हटकर गड्ढा खोदा।
गुड्डू ने कहा अरे उधर क्यों खोद रहे हो? यहां पर खुदाई करो। उसके बाद उस स्थल से ही हड्डी मिली।
सभी हडि्डयां एक ही शव की
कंकाल मिलने के संदर्भ में सीबीआई के अधिकारी ने कुछ भी बताने से परहेज किया। खुदाई करने वाले मजदूरों ने बताया कि बरामद हड्डियों से लग रहा है कि वह किसी एक ही लाश की हैं।
एक लाश की अलग-अलग अंग की हड्डियां हैं। तीन भाग में खोपड़ी का अंश मिला है। इसके अलावा जांघ, हाथ, सीना और शरीर के अन्य भाग की हड्डियां मिली हैं।
एसकेएमसीएच के एफएमटी विभाग के डॉ. विजय कुमार प्रसाद व डॉ. कुणाल की मौजूदगी में कंकाल निकाला गया। एफएमटी विभाग से कंकाल की जांच कराई जाएगी, ताकि पता चल सके कि कंकाल महिला का है या पुरुष का, और उसकी उम्र क्या है।