
MUZAFFARP[UR (ARUN KUMAR) : अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम उठाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने मुजफ्फरपुर जिले को पांच जोन में बांटते हुए इनकी ज़िम्मेदारी एएसपी ऑपरेशन समेत चारों डीएसपी के कन्धों पर दे दी है. इस संबंध में एसएसपी मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि लूट, छिनतई और अन्य अपराधों की घटनाओं पर नियंत्रण करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए साथ ही साथ उन्हें एक और जिम्मेदारी दी गयी है.

एसएसपी मनोज कुमार ने अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) को भगवानपुर चौक और उसके आसपास के क्षेत्रों की जिम्मेवारी दी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को जुब्बा सहनी पार्क एवं मॉल एरिया की जिम्मेवारी, पुलिस उपाधीक्षक (नगर) को लक्ष्मी चौक से बैरिया गोलंबर और सिकन्दरपुर का क्षेत्र सौंपा गया, वहीं पुलिस उपाधीक्षक (पूर्वी) को जीरोमाइल से झपहां एरिया की जिम्मेवारी दी गयी और अंत में पुलिस उपाधीक्षक (पश्चिमी) को कच्ची-पक्की से मिठनपुरा चौक तक के क्षेत्र में तैनाती की गयी. उन्होंने निर्धारित जोन के अधिकारियों को सम्बंधित क्षेत्रों के अपराधियों की लिस्ट बना कर कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिदिन संध्या 6:30 से रात्रि 8:00 बजे तक सम्बंधित क्षेत्र में थानाध्यक्ष या थाना के किसी भी पदाधिकारी के साथ अपराधियों, लफंगे, गुंडागर्दी करने वाले, संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों की चेकिंग, तलाशी एवं जांच अभियान चलाएंगे.

एसएसपी ने बताया कि शाम होते ही संवेदनशील क्षेत्रो में हुल्लड़बाजी करने वालों की तादाद अधिक रहती है, साथ ही इन स्थलों पर टीनएजर्स के बाइक पर आवारागर्दी करने की शिकायते अक्सर प्राप्त होती हैं. अजीबोगरीब कट के बाल कटवा और रंगवा कर, कानों में बाली पहन कर गुंडागर्दी-लफंगई करने वाले बदमाशों पर भी विशेष निगाह रखते हुए विधिसम्मत कार्रवाई करने की बात कही है.

उन्होंने कहा कि अक्सर देखा गया है कि शहर में अपराध करने के बाद अपराधियों की गिरफ़्तारी अधिकतर लॉजों, होटलों और मकानों में किरायेदारों के रूप में होती है. अधिकतर अपराधी दूसरे जिलों के होते हैं जो किराये के मकान, लॉजों में पनाह लेते हैं. इस दिशा में सख्त कदम उठाते हुए किराएदारों का सत्यापन पाँचों जोन के अधिकारियों के नेतृत्व में सम्बंधित मुहल्लो, वार्डों में वार्ड पार्षदों, मुखिया, सम्बंधित जनप्रतिनिधियों के सहयोग से किया जायेगा. उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अपराध होने पर अगर किसी मकान मालिक के किरायेदार की संलिप्तता प्रकाश में आती है तो मकान मालिकों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. या जो भी मकान मालिक अपने किरायेदारों की सही जानकारी नहीं देते है, उनपर भी गाज गिरनी तय है.

एसएसपी ने किरायेदारों के सत्यापन के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) को सदर थाना के संपूर्ण क्षेत्र के किरायेदारों के सत्यापन की ज़िम्मेदारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को मिठनपुरा एवं बेला थाना क्षेत्र का संपूर्ण क्षेत्र, पुलिस उपाधीक्षक (नगर) को नगर, ब्रह्मपुरा, सिकंदरपुर थाना का संपूर्ण क्षेत्र, पुलिस उपाधीक्षक (पूर्वी) को अहियापुर थाना का संपूर्ण क्षेत्र और पुलिस उपाधीक्षक (पश्चिमी) को काजीमोहम्मदपुर थाना का संपूर्ण क्षेत्र के सत्यापन की जिम्मेवारी दी गयी है. उन्होंने जोन के सभी अधिकारियों को कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में थानाध्यक्ष के माध्यम से वार्ड पार्षदों, मुखिया, सम्बंधित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एक माह के अंदर किरायेदारों का सही नाम, पता, फोटो और कार्यस्थल की जानकारी कंप्यूटर में अपलोड करेंगे. जिसकी अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में समीक्षा की जाएगी.
