पाकिस्तानी सेना की भारी गोलाबारी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, एक घायल, पाक ने 7 दिनों में 60 बार तोड़ा सीजफायर

वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन को भारत भेजकर भले ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान शांति की बात कर रहे हों लेकिन उनका असली चेहरा सीमा पर दिख रहा है.

अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने मोर्टार के गोले और भारी गन से आमनागरिकों के इलाकों को निशाना बनाया. भारतीय बलों ने इसका करारा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि पुंछ जिले के सलोत्री में भारी गोलाबारी में, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया. इलाके के कई घरों में गोले आकर गिरे. पुंछ में पिछले दो दिनों में चार लोगों की मौत हो चुकी है.


उन्होंने कहा कि गोलाबारी में रूबाना कौसर (24), उनका बेटा फजान (5) और नौ महीने की बेटी शबनम की मौत हो गई. रूबाना का पति मोहम्मद यूनिस घायल हो गया. अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले, पुंछ जिले के मनकोट इलाके में पाकिस्तानी बलों की गोलीबारी में नसीम अख्तर नाम की महिला घायल हो गई.

सलोत्री और मनकोट के अलावा पुंछ जिले के कृष्णाघाटी और बालाकोट इलाकों में भी गोलाबारी हुई. यह लगातार आठवां दिन है जब पाकिस्तानी बलों ने राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन किया है.

पाकिस्तानी सेना ने पिछले एक सप्ताह में 60 से ज्यादा बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया. पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर में पुंछ, राजौरी, जम्मू और बारामुला जिलों में 70 असैन्य और सीमावर्ती इलाकों को निशाना बनाया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.