
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : “जिले में एक बार फिर से पांव पसारते नक्सलियों के मंसूबों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने कड़े शब्दों में चेतावनी भरे लहज़े में कहा की नक्सलियों के हर मनसूबे को नाकामयाब करते हुए उनके फ़न को कुचल दिया जाएगा. आगे भी पुलिस टीम ऑपरेशन क्लीन चला कर नक्सली समस्या को जड़ से ख़त्म कर देने के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी ऐसे सघन कार्रवाई बदस्तूर जारी रहेंगे.”
मुज़फ़्फ़रपुर विशेष पुलिस टीम व एसएसबी ने संयुक्त रुप से सरैया थाना क्षेत्र और वैशाली जोन में व्यापक छापेमारी अभियान चलाकर भाकपा माओवादी के उत्तरी बिहार पश्चिम जोनल कमिटी के 9 नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. विशेष पुलिस टीम ने नक्सलियों से पास से हथियार, लेवी मांगने के दौरान घटना में इस्तेमाल किये गए मोटरसाइकिल व परचा भी बरामद किया है, जो नक्सलियों द्वारा लेवी मांगने के दौरान प्रयोग में लाया जाता है, जो एक उपलब्धि है. उक्त बातें एसएसपी आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में बतायी. प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी न कहा की विगत 20 एवं 22 फरवरी को भाकपा माओवादियों के उत्तर बिहार जोनल कमेटी ने सरैया थाना क्षेत्र के मझौलिया गाँव में हाजीपुर-सुगौली रेलखंड का कार्य कर रहे हरि कंस्ट्रक्शन एवं सरैया में कार्यरत फुलार कंस्ट्रक्शन से आर्थिक सहयोग करते हुये लेवी की मांग की गई थी. जिसे गंभीरता से लेते हुये एएसपी अभियान विमलेशचन्द्र झा, सरैया एसडीपीओ डाॅ. शंकर झा, एसएसबी कंपनी कमांडर ऋतुराज के साथ घटनास्थल पर जाँच-पड़ताल करते हुये विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया था.

एसएसपी ने बताया की लेवी मांगने की घटना प्रकाश में आने के बाद एएसपी विमलेश चंद्र झा के नेतृत्व में एसएसबी कंपनी कमांडर कुमार ऋतुराज, सरैया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. शंकर झा, पारु सर्किल इंस्पेक्टर धनंजय कुमार, पारु थानाध्यक्ष, सरैया थानाध्यक्ष समेत पुलिस बल को शामिल कर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था. पुलिस टीम ने बेहतर प्रदर्शन कर सरैया व इसके आसपास के क्षेत्र और वैशाली जोन में सघन छापेमारी कर 9 नक्सलियों को भाकपा माओवादी का लेवी मांगने में इस्तेमाल किया जाने वाला परचा, 9 एमएम पिस्टल, दो राउंड ज़िंदा कारतूस, 2 मोटरसाईकल और 03 मोबाइल बरामद करते हुए गिरफ्तार कर लिया. एसएसपी ने पुलिस टीम की उपलब्धि में नाम लिए बगैर दो अन्य व्यक्तियों का भी योगदान बताया.

गिरफ्तार सभी 9 नक्सली भाकपा माओवादी के उत्तरी बिहार पश्चिम जोनल कमिटी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं, जिसमें 04 कुख्यात पुराने अपराधी बताये जाते हैं. दो कुख्यात नक्सलियों पर देवरिया, सरैया, साहेबगंज, कुढ़नी, व सकरा थाना में आधा दर्जन से ऊपर मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार नक्सलियों में देवरिया थाना के विशुनपुर सरैया निवासी नवल किशोर राम व देवनाथ महतो, देवरिया थाना क्षेत्र के लखनौरी निवासी शंकर ठाकुर उर्फ़ राकेश ठाकुर (वर्तमान पता वैशाली के बेलसर ओपी थाना स्थित साइन), सरैया थाना क्षेत्र के बसैठा निवासी अशोक पासवान व अवधेश पासवान, पारु थाना क्षेत्र के कोदरिया मांगो निवासी बनारसी पासवान, वैशाली थाना क्षेत्र के भगवतपुर निवासी पवन कुमार राय, वैशाली जिले के बेलसर ओपी थाना क्षेत्र अफजलपुर निवासी अरुण सिंह व वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना अंतर्गत काज़ीपुर थाथन निवासी बजरंगी सहनी शामिल हैं.

जिसमे नवल किशोर राम पर देवरिया थाना में 21/09, 16/13, 24/13, 90/13, 121/13, साहेबगंज थाना में 313/13 व कुढ़नी थाना में 104/16 समेत आधा दर्जन से उपर मामले दर्ज हैं. वहीं शंकर ठाकुर उर्फ़ राकेश ठाकुर पर भी देवरिया थाना में 24/13, 30/14, 121/13, सरैया (जैतपुर) थाना में 297/13, कुढ़नी (फकुली) थाना में 185/13, कुढ़नी थाना में 86/13, व सकरा थाना में 57/14 समेत आधा दर्जन से उपर मामले दर्ज हैं. पवन कुमार राय पर सरैया थाना में 16/13 और देवनाथ महतो पर सरैया थाना में कांड संख्या 227/16 दर्ज है. बताया जाता है की नक्सली घटना में अरुण सिंह अभी हाल में ही जेल से जमानत पर रिहा हुआ है, वहीं गिरफ्तार एक नक्सली का भाई कुख्यात माओवादियों का एरिया कमांडर बताया जाता है और फिलवक्त जेल में बंद है. वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया की गिरफ्तार नक्सलियों का वैशाली जिले में भी मजबूत नेटवर्क है और वैशाली के विभिन्न थानों में नक्सल से सम्बंधित व लूट आदि के आपराधिक मामले भी दर्ज हैं जिनकी छानबीन की जा रही है.

सरैया के मंगौल निवासी मो. जमाल के पेट्रोल पम्प पर नक्सलियों द्वारा लेवी मांगने की घटना को एसएसपी ने ख़ारिज करते हुए बताया की ये किसी नए आपराधिक गिरोह की साजिश है, जिसकी जांच की जा रही है, मौजूदा वक़्त में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पेट्रोल पंप व्यवसायी सह नेता मो. जमाल को पर्याप्त सुरक्षा पुलिस द्वारा मुहैया करा दी गयी है. एसएसपी मनोज कुमार ने कंस्ट्रक्शन कंपनियों को सुरक्षित माहौल में निर्बाध गति से कार्य करने का आश्वासन देते हुए कहा की कंस्ट्रक्शन कंपनियों को सुरक्षित माहौल दिया जाएगा, जिससे वे भयमुक्त वातावरण में कार्य कर सकें.
