
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर पुलिस ने शनिवार देर रात लूटे गये मछली लदे पिकअप को लूट के चंद घंटों में ही बरामद करते हुये घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप कर दिया।
इस सम्बन्ध में एसएसपी मनोज कुमार ने आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मुजफ्फरपुर में शनिवार की देर रात मोतीपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार पेट्रोल पम्प के पास एनएच 28 पर हथियार के बल पर बोलेरो सवार अपराधियों ने मुजफ्फरपुर के बाजार समिति से गोपालगंज जा रहा मछली लदा पिक अप लूट लिया था और विरोध करने पर चालक लखन पासवान का हाथ-पाँव बांध कर एक खेत में फेंक दिया गया था।
किसी तरह चालक ने ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद के नेतृत्व में मोतीपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार, पुअनि सिंघेश्वर प्रसाद सिंह, पुअनि महेश्वर मंडल, पुसअनि अफरोज अहमद खाँ, पुअनि श्यामलाल राम सहित पुलिस बल की एक टीम बनाकर तकनीकी रुप से साक्ष्य संकलन करते हुये सघन जांच अभियान चलाया गया।

जिसके फलस्वरूप सूचना के आधार पर विवार के अहले सुबह सरैया-मोतीपुर स्टेट हाईवे पर सिंघैला पुल के समीप बोलेरो का पीछा कर हथियार से लैस दो अपराधकर्मियों को खदेड़ कर पकड़ लिया और लूटे पिकअप को मछली सहित बरामद कर लिया गया। तलाशी के दौरान दोनों अपराधियों के पास से 7.65 बोर की पिस्टल और 5 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
गिरफ्तार दोनों हाईवे लुटेरों की पहचान काँटी थाना क्षेत्र के कोठिया निवासी कैलाश सहनी और मानिकपुर निवासी अभिनन्दन कुमार के रुप में की गई है।

एसएसपी श्री कुमार ने बताया गिरफ्तार कैलाश सहनी पेशेवर हाईवे लुटेरा है और काँटी थाना के कई कांडों में वांछित है। कैलाश सहनी पर 17-18 के दौरान आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज है। वहीं अभिनन्दन कुमार पर भी कैलाश सहनी के साथ ही कांटी थाना में कांड संख्या 700/18 दर्ज है। पुलिस गिरफ्तार लुटेरों से पूछताछ के आधार पर जांच-पड़ताल करते हुये गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी हेतु प्रयासरत है।
