MUZAFFARPUR में दिखा भारत बंद का असर

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर देश के दलित और आदिवासी संगठन मोदी सरकार के खिलाफ सड़क पर हैं। देश के विश्वविद्लयों में 200 प्वाइंट रोस्टर सिस्टम की जगह 13 प्वाइंट रोस्टर लागू किए जाने के खिलाफ समेत कई मांगों को लेकर आज भारत बंद को देश भर में जगह-जगह प्रदर्शन करते हुये दलित-आदिवासी व विपक्षी संगठनों ने सफल बनाया।

मुज़फ़्फ़रपुर में भारत बंदी को लेकर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, चांदनी चौक, भगवानपुर पूसा रोड रेवा रोड सहित कई मार्गो को अवरूद्ध कराते हुये बंद करवाया। भारत बंद को लेकर कई राजनीतिक दलों ने समर्थन देते हुये सड़क पर उतर कर बंद को सफल बनाया। कम्युनिस्ट पार्टी के अलावा महागठबंधन दलों ने भी भारत बन्द का समर्थन किया। जगह-जगह टायर जलाकर व सरकार विरोधी नारों के बीच विभिन्न दल झण्डे, बैनर-पोस्टर हाथों में लेकर दुकाने बंद कराते और सड़क जाम करते दिखे। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को करना पड़ा।

अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरोमाइल चौक स्थित सीतामढ़ी मार्ग बैरिया मार्ग व दरभंगा मार्ग पर बंद समर्थकों ने जगह-जगह टायर जलाकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बंद समर्थकों द्वारा शहर से सटे तमाम हाईवे को अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे तमाम हाईवे पर वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। जिले में जगह जगह बंद समर्थकों द्वारा सड़क से लेकर एनएच 57 तक मार्ग को अवरूद्ध करते हुये दुकानें बंद करवायी गयीं।

बंद समर्थकों द्वारा शहर में इस्लामपुर, सरैयागंज टावर, कल्याणी चौक, मोतीझील, पानी टंकी चौक, मिठनपुरा चौक, अघोरिया बाजार, कलमबाग चौक, हाथी चौक, पुरानी बाजार, लक्ष्मी चौक, सिकंदरपुर चौक, अखाडा़घाट, बनारस बैंक चौक समेत सभी चौक-चौराहों पर टायर जलाकर व सड़क जाम कर दुकाने बंद करवाते हुये जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। राजद सहित संगठन के बंद समर्थक कार्यकर्ताओं ने सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर, पटना मुज़फ़्फ़रपुर रोड के साथ ही रेवा रोड में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते हुये दुकाने बंद करवायी। इस बीच जाम में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के अधिकारी की गाड़ी भी जाम में फंस गई।

इस बीच मुज़फ़्फ़रपुर में पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे प्रशांत किशोर को बंद समर्थकों ने माड़ीपुर में रोक दिया और राजद कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिसके बाद सूचना मिलते ही नगर डीएसपी मुकुल रंजन ने पहुंचकर जाम को मुक्त करवाया और प्रशांत किशोर को गंतव्य तक पहुँचने में सहयोग किया।

विदित हो कि 13 प्वाइंट रोस्टर सिस्टम के अनुसार, विश्वविद्यालयों के किसी विभाग में जब तक 4 सीट नहीं होगी तब तक पिछड़ी जाति से कोई प्रोफेसर नहीं बन पाएगा। इसी तरह जब तक 7 सीट एक साथ विज्ञप्ति नहीं होंगी तब तक कोई दलित प्रोफेसर नहीं आ पाएगा और 14 सीट नहीं आई तो कोई आदिवासी प्रोफेसर नहीं बन पाएगा। इस रोस्टर का देश भर में कड़ा विरोध हो रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.