
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में लगातार अपराध के मामले में बेतहाशा वृद्धि को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने शिथिल पड़े आउट पोस्ट को पुन: संचालित करते हुये अहियापुर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक को तत्काल नियंत्रण में लेने का आदेश दिया है, जो अहियापुर थानाध्यक्ष के नियंत्रण में कार्ररत होगी. उन्होंने पोस्ट को सुचारु रुप से संचालित करने हेतु 1 पुलिस अवर निरीक्षक, 1 सहायक अवर निरक्षक, 1/4 सशस्त्र पुलिस बल समेत एक वाहन और एक मोटरसाइकिल की प्रतिनियुक्ति को हरी झंडी दे दी है. एसएसपी श्री कुमार ने मुजफ्फरपुर पुलिस केन्द्र के पुलिस उपाधीक्षक (प्रारक्ष)/परिवहन पदाधिकारी को भी इस सम्बंध में कहा है कि झपहाँ में पुलिस आउट पोस्ट संचालन हेतु पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल व वाहन की प्रतिनियुक्ति अविलंब करेंगे.

झपहाँ पुलिस आउट पोस्ट में तैनात पुलिस फ़ोर्स द्वारा संदिग्धों पर कड़ी नज़र रखते हुए जांचोपरांत कार्रवाई करने, वाहनों की सघन जांच-पड़ताल, अहियापुर थाना क्षेत्र के संगमघाट से मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी जिले की सीमा तक रात्रि गश्ती, ट्रिपल सवार बाइक सवारों पर कार्रवाई, सम्बंधित क्षेत्रों के अपराधियों की लिस्ट बना कर कार्रवाई आदि सुनिश्चित करेंगे. पुलिस आउट पोस्ट की सेवा में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी अहियापुर थानाध्यक्ष को रिपोर्ट करेंगे व उनके ही निर्देशन में कार्य करेंगे. एसएसपी ने पुलिस उपाधीक्षक नगर व पुलिस उपाधीक्षक पश्चिमी को इस संबंध में दिये गये निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुये रिपोर्ट करने के आदेश दिये.

गौरतलब हो कि अहियापुर के संगमघाट और शाहबाजपुर में गत 1 मार्च को हुये डबल मर्डर के बाद विधि व्यवस्था संधारण और अपराध नियंत्रण की दिशा में एसएसपी के लिये फैसले में अगले ही दिन पुलिस पिकेट को पुन: चालू करने की घोषणा करते हुये नरेन्द्र कुमार को अपर थानाध्यक्स अहियापुर बनाया गया था.

वहीं आपराधिक घटनाओं पर तिरहुत प्रमंडल के जोनल आईजी नैयर हसनैन खान ने संज्ञान लेते हुये एसएसपी और सिटी एसपी को निर्देश दिया था अहियापुर थाना क्षेत्र में कैम्प कर मामले की जाँच करें। साथ ही अहियापुर थाना के पेट्रोलिंग प्रणाली की समीक्षा कर जाँच प्रतिवेदन समर्पित करते हुये विशेष अभियान चलाकर अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के आदेश दिए थे.