
PATNA : बिहार पुलिस के मुखिया डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय की अध्यक्षता में पुलिस महकमे को आधुनिक बनाने को लेकर पुलिस मुख्यालय में एक अहम बैठक हुई. बैठक में एडीजी मुख्यालय एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, एडीजी विशेष शाखा, आईजी एटीएस, आईजी ऑपरेशन समेत पुलिस महकमे के तमाम वरीय पदाधिकारी मौजूद थे. बैठक के दौरान पुलिस महकमे को और आधुनिक बनाने को लेकर विचार विमर्श किया गया.

डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय के मुताबिक अगले पांच वर्षों में पुलिस महकमें को और कौन कौन से संसाधन चाहिए, कितने आत्याधुनिक हथियारों की आवश्यकता है, इसके साथ–साथ थाना स्तर से लेकर महकमे के सभी विंग को कितनी गाड़ियों की आवश्यकता है, इसपर भी चर्चा की गई है. सभी शाखाओं से जरूरत के मुताबिक समानों की सूची मांगी गई है. एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन यह भी कहते है की इसी माह के आखिरी तक में इस मामले को लेकर अगली बैठक की जाएगी. जिसमें सभी शाखाओं से दी गई सूची पर विस्तार से चर्चा करते हुए अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी ताकि अगले वित्तीय वर्ष में उन तमाम संसाधनों की खरीदारी कर ली जाए जिससे बिहार के तमाम थानों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जा सके.

मालूम हो कि पिछले दिनों सीएम नीतीश ने बेहतरीन पुलिसिंग के साथ-साथ उनकी समस्याओं और चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला था. उन्होंने डीजीपी की मौजूदगी में कहा था कि पुलिस को संसाधन की कमी नहीं होने दी जाएगी लेकिन ड्यूटी में लापरवाही भी नहीं होनी चाहिए.

डीजीपी ने इस बाबत बताया की बिहार पुलिस भी अब देश के अन्य प्रदेशों की पुलिस की तरह हाईटेक होने की दिशा में प्रयासरत है. पुलिस विभाग को पूरी तरह से डिजिटल दुनिया से जोड़ने के लिए प्लान पर भी काम चल रहा है. बहुत जल्द बिहार पुलिस की सुविधाएं भी दिल्ली और मुम्बई पुलिस की तरह ऑनलाइन हो जाएगी. राज्य सरकार के पास राशि की कोई कमी नहीं है, बिहार पुलिस को हाईटेक बनाने की दिशा में आधुनिक हथियार समेत अन्य संसाधन उपलब्ध करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है.
