
MUZAFFARPUR : गर्मी शुरु होते ही बिहार में अगलगी की घटनाएं शुरू हो गई है. शनिवार को जिले के अलग-अलग प्रखंडों में अगलगी की दो घटनाओं में एक दर्जनों से ज्यादा घर जलकर स्वाहा हो गए, अगलगी की घटना ने दर्जनों लोगों का आशियाना उजाड़ दिया. हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है पर अगलगी की घटनाओ में लाखों की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है.

मुज़फ़्फ़रपुर के कांटी थाना क्षेत्र कांटी प्रखण्ड के झिटकाही मधुबन पंचायत के बथनाहा महादलित टोला में लगी भीषण आग से टोला के दर्जनों घर जले, गांव में अफरातफरी का माहौल. ग्रामीण और दमकल की कई गाड़ियों ने पाया आग पर काबू. फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के एक घंटे विलम्ब से पहुँचने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त था. आग लगने का कारण बिजली बताया गया है. जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष द्वारा मामले में संज्ञान लेने उपरांत आनन्-फानन में अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.

इधर शनिवार दोपहर में गायघाट थाना क्षेत्र के दुर्गानगर गाव में अचानक आग लग गयी, जिसमे चार घर देखते ही देखते जलकर राख हो गया. स्थानीय लोगो ने बताया कि इस हादसे में चार घर के लगभग लाखो की संपत्ति जलकर राख हो गयी. अगलगी की इस घटना में बच्चन दास, किशोरी दास, देवकी दास, शिवनंदन दास के घर का सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया. आग लगते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी. हर ओर चीख-पुकार मच गया. हालांकि कुछ घंटों में स्थानीय ग्रामीणों व फायर ब्रिगेड द्वारा आग पर काबू पाने को लेकर खासी मशक्कत करनी पड़ी. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया नहीं तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी. स्थानीय प्रशासन का कहना है कि गरमी के आते ही लोग सतर्क नहीं रहते हैं और इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ जाती हैं.
