
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : बिहार में गुस्साई भीड़ के पुलिसकर्मियों पर हमलों के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है. प्रदेश की पुलिस पर सिलसिलेवार हमलों का क्रम देखने को मिल रहा है. जिस तरह सीमा के उस पार से आये आतंकियों ने राष्ट्र के रक्षक सैनिकों को निशाने पर लिया है वैसे देश के अन्दर के ही कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा देश में पुलिस वालों पर लगातार हमला किया जा रहा हैं. उनके मन में आख़िरकार पुलिस वालों को ले कर वो कौन सी नफरत है जो उनको बार बार आक्रामक होने पर मजबूर कर रही है ये जरूर मंथन का विषय है .. कम से कम एक सुरक्षित समाज के लिए.

आक्रोशित अराजक तत्वों का एक बार फिर से शिकार हुई है मोतीपुर पुलिस. अवैध ताड़ी की भट्टी खाली कराने गई मोतीपुर पुलिस पर शराब व ताड़ी कारोबारियों ने हमला कर दिया और पुलिस जिप्सी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोतीपुर पुलिस थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पुरानी रोड स्थित ताड़ियों के गद्दियों को खाली करने गई थी, पुलिस के पहुँचते ही इलाके के असामाजिक प्रवृति के व्यक्तियों ने हमला कर दिया. हमला करने के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस जिप्सी को क्षतिग्रस्त करते हुए बीच सड़क पर पलट दिया. हमले में पुलिस जवानों को आंशिक चोटें आई. इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनका डटकर मुकाबला किया और लगभग एक दर्जन ताड़ी की अवैध भट्टियों को नष्ट कर दिया. पुलिस कार्रवाई के दौरान कई लीटर स्पिरिट भी बरामद किया गया है.

बिहार में पुलिस के खिलाफ गुस्से का यह कोई पहला मामला नहीं है. दुर्भाग्य से यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा. शहर के प्रबुद्धजनों व बुद्धिजीवी वर्ग का मानना है आक्रोश की वजह पुलिस प्रशासन की ‘कार्यशैली’ रही है, जो लोगों का भरोसा हासिल नहीं कर पा रही है.” इसी वजह से मामूली घटनाओं में भी लोग पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे हैं. भीड़ की ‘एकजुटता’ आरोपियों की ढाल भी बनने लगी है. जनता के सहयोग से ही अपराध पर काबू पाया जा सकता है. लेकिन कुछ घटनाओं में लोग उग्र हो जाते हैं और पुलिस पर हमले करने लगते हैं, जो खतरनाक प्रवृत्ति है.

गत 19 मार्च को ही मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार के बतरौल में भूमि विवाद को लेकर रामएकबाल राय और उमेश राय के बीच मारपीट की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह समेत 9 पुलिसकर्मियों पर मिर्च पॉउडर छिड़क कर लाठी-डंडो से हमला करते हुए केरोसिन तेल डाल कर जलाने का भी प्रयास किया गया था.

17 मार्च को मोतिहारी के मधुबन थाना क्षेत्र के टलवा गड़हरिया गाँव में अवैध शराब की सूचना पर छापेमारी करने गयी पुलिस टीम पर शराब कारोबारी विकास कुमार कुशवाहा और उसके समर्थकों द्वारा हमला.

16 मार्च को सकरी सरैया के बिनटोलिया में शराब बनाने के अड्डे पर पहुंची तुर्की थाना की पुलिस पर शराब कारोबारियों व उनके समर्थको द्वारा हमला कर दिया गया था. पुलिस जीप चालक अजय प्रताप सिंह को बुरी तरह पीटा गया था. पुलिस से हथियार छीनने के भी प्रयास किये गए. मनियारी और कुढ़नी थाना की पुलिस के मौके पर पहुँचने के बाद मामला शांत हो सका. इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार करते हुए 8 नामजद और 20-25 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

15 मार्च को सकरा के भरथीपुर पंचायत के महमदपुर चौक पर टेम्पो चालक की पिटाई के बाद हुए बवाल में बरियारपुर ओपी पुलिस पर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा हमला किया गया. हमले के बाद एक दरोगा और हवलदार को भी बंधक बना लिया गया था.
12 मार्च को अहियापुर थाना क्षेत्र के शेखपुर ढाब स्थित झपसी टोला में छापेमारी करने गयी अहियापुर थाना पुलिस के सहयोग में गयी महिला थाना प्रभारी आभा रानी पर स्थानीय असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया था जिसमे उनके हाथ में छोटे आयी थी और चौकीदार जगत पासवान भी ज़ख़्मी हो गए थे. इस मामले में 14 नामजदों सहित 55 अज्ञात व्यक्तियों पर मामला दर्ज कराया गया है. पुलिस पर हमले संबंधी ऐसे कई मामले हैं जो राज्य प्रशासन और पुलिस के लिए बेहद चिंतनीय विषय हैं.
