MUZAFFARPUR : आईजी काॅलोनी से आर्म्स डीलर धराया, 150 राउण्ड कारतूस व पिस्तौल बरामद

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिले में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एसएसपी ने विशेष टीम गठित कर गत 18 मार्च को फ्लैग मार्च कर लौट रहे रैफ जवान पर हुई फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कार्रवाई में गति प्रदान कर दी. इस क्रम में पुलिस टीम ने सदर थाना क्षेत्र के आईजी काॅलोनी में एक हथियार डीलर को खरीद-बिक्री हेतु रखे गये हथियारों व सैकडो़ं जिन्दा कारतूस के साथ दबोचने में कामयाबी हासिल की.

जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने जिले में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण करने की दिशा में पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन के नेतृत्व में काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष मो. शुजाउद्दीन, सदर थानाध्यक्ष सुनील कुमार रजक, ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष रवि कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक के साथ एसएसबी व पुलिस बल को शामिल करते हुये एक टीम का गठन किया था. एसएसपी द्वारा गठित विशेष पुलिस टीम ने गुरुवार की रात सदर थाना क्षेत्र के आईजी काॅलोनी में छापेमारी कर एक शातिर आर्म्स डीलर विक्रांत कुमार को खरीद बिक्री करने हेतु घर में छुपाकर रखे गये दो देशी पिस्तौल व 315 बोर के 22 राउण्ड और 7.62 बोर के 135 राउण्ड जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आर्म्स डीलर काँटी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर निवासी विनोद कुमार का पुत्र विक्रांत कुमार बताया जाता है जो वर्तमान में सदर थाना क्षेत्र के आईजी काॅलोनी में रह रहा था. बताया जाता है कि गिरफ्तार आर्म्स डीलर के कई आपराधिक गिरोहों से सम्पर्क हैं. अपराधियों और आपराधिक गिरोहों को हथियार सप्लाई करने के धंधे से वह लम्बे समय से जुडा़ रहा है. पुलिस गिरफ्तार आर्म्स डीलर से पूछताछ में जुटी है. पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार आर्म्स डीलर ने अपने कुछ साथियों के नाम भी बताये हैं. अनुसंधान प्रभावित होने की वजह से पुलिस गोपनीयता बरत रही है. आर्म्स डीलर की गिरफ्तारी को गत 18 मार्च को रैफ जवान पर हुये फायरिंग मामले से भी जोड़ कर देखा जा रहा है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.