
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिले में शत-प्रतिशत मतदान कराने हेतु प्रतिबद्ध जिला प्रशासन द्वारा स्वीप कोषांग के तत्वावधान में आज शनिवार को आम्रपाली आॅडिटोरियम में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने आॅडिटोरियम में उपस्थित व्यक्तियों व समस्त पदाधिकारियों को धर्म, जाति, वर्ग और भाषा से ऊपर उठकर मतदान करने की शपथ दिलाई।

इस मौके पर उन्होंने आह्वान किया कि शत प्रतिशत मतदान करके लोकतंत्र की जड़ को और मजबूत करने में हम सब अपनी भूमिका तय करें। उन्होंने कहा कि निर्भीक मतदान हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी योग्य मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में कदम से कदम मिलाते हुए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए बेहतर भारत, प्रदेश व समाज के निर्माण में अपनी महती योगदान दें।

मौके पर स्वीप कोषांग बी के नोडल पदाधिकारी कमल सिंह ने बताया कि आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी के मार्गदर्शन में आने वाले दिनों में स्वीप संबंधी अन्य बहुत सारी गतिविधियां होंगी, जिसके सकारात्मक परिणाम शत-प्रतिशत मतदान के रुप में तब्दील होंगे।

इसके पूर्व जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी और समस्त प्रशासनिक वरीय पदाधिकारी तथा स्वीप आइकॉन श्रीमती रंजना सरकार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके सांस्कृतिक संध्या का आगाज किया। इसके पूर्व स्वीप कोषांग के ही तत्वाधान में शिक्षा विभाग के द्वारा स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई जो बीबी कॉलेजिएट से प्रारंभ होकर समाहरणालय तक गई।

सांस्कृतिक संध्या के मौके पर एडीएम राजेश कुमार, उप विकास आयुक्त उज्ज्वल कुमार सिंह, अपर समाहर्ता, आपदा अतुल कुमार वर्मा, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी व पश्चिमी तथा सभी जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
