
PATNA : पटना में सोमवार को पकड़े गए दोनों संदिग्ध बांग्लादेशी आतंकियों को जेल भेज दिया गया है. पटना पुलिस के पूछताछ के बाद एटीएस कोर्ट ने दोनों संदिग्ध आतंकियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. बताया जा रहा है कि पुलिस दोनों संदिग्धों के लिए 15 दिन के रिमांड के लिए आज मंगलवार 26 मार्च को कोर्ट में आवेदन दिया गया. बता दें कि इन दोनों आतंकियों को रविवार की रात पटना जंक्शन के पास स्थित मदनी मुसाफिरखाना के नजदीक से बिहार एटीएस की टीम ने गिरफ्तार किया था.

रविवार की रात पटना से पकड़े गए दो बांग्लादेशी आतंकियों ने पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं. पटना जंक्शन के पास एटीएस की टीम ने बांग्लादेशी आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन और इस्लामिक स्टेट बांग्लादेश (आईएसबीडी) के दो आतंकियों खैरू मंडल और अबू सुल्तान को गिरफ्तार किया था. दोनों बांग्लादेश के खुलना परगना के झनौदा जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के चापातल्ला गांव के रहनेवाले बताये जाते हैं. दोनों आतंकी बिना किसी पासपोर्ट, वीजा या वैध दस्तावेज के भारत में घुसे थे और अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी भारतीय वोटर आईडी कार्ड बना रखा था.

पूछताछ के दौरान जो बातें सामने आई है उसके मुताबिक दोनों गया में 11 दिन रहे भी थे और अब सीरिया जाकर आईएसआईएस के साथ मिलकर जेहाद में शामिल होना चाहते थे. एटीएस की गिरफ्त में आये दोनों युवक प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमीयत-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश एवं इस्लामिक स्टेट बांग्लादेश (आइएसबीडी) के सक्रिय सदस्य बताये जा रहे हैं. इनकी संगठन के सदस्य नुरूल होदा मासूम, रिंकू मंडल, सैबूर को बांग्लादेश की पुलिस द्वारा विभिन्न आतंकी घटनाओ में पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चूका है.

सूत्रों के मुताबिक दोनों ने पूछताछ में बताया है कि देशभर के बौद्ध धार्मिक स्थल आतंकियों के निशाने पर हैं. गिरफ्तार आतंकियों ने एटीएस के समक्ष इस बात का खुलासा किया है. पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि इनका संबध खूंखार आतंकी संगठन आईएसआईएस से भी रहा है. एटीएस ने इनके पास से पुलवामा हमले के बाद जम्मू कश्मीर में अर्धसैनिक बलों की प्रतिनियुक्ति से सम्बंधित आदेशों की छाया-प्रति, पुलवामा हमले की अखबारों की कटिंग, तीन मोबाइल फ़ोन, दो फ़र्ज़ी वोटर आईडी कार्ड, दिल्ली से हावड़ा व गया से पटना का रेल टिकट, कोलकाता से गया का बस का टिकट, आईएसआईएस व अन्य आतंकी संगठनो से सम्बंधित पंपलेट और पोस्टर की छाया प्रति, समेत कई आपत्तिजनक चीजें बरामद की है.

इस मामले में एडीजी कुंदन कृष्णन ने बताया कि गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ हो रही है साथ ही कागजातों की भी जांच की जा रही है. एडीजी ने बताया कि इस मामले में सेंट्रल एजेंसियों से भी जानकारी ली जाएगी. एटीएस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आतंकी अपने संगठन के इशारों पर कोलकाता, केरल, दिल्ली और बिहार के पटना में घूम-घूमकर मुस्लिम युवाओं को जोड़ने और बौद्ध धार्मिक स्थलों पर आतंकी घटना करने के लिए रेकी करने का काम कर रहे थे.
