MUZAFFARPUR : SBI कल्याणी ब्रांच में महिला से एक लाख की ठगी, CCTV में क़ैद हुयी घटना

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : शहर के कल्याणी स्थित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया बैंक शाखा में ठगों ने एक सरकारी महिलाकर्मी से एक लाख रुपये ठग लिये. महिला को कागज की गड्डी थमा गए. नगर थाना की पुलिस ने महिला के बयान पर अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. घटना की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी जिले के बरगिनिया स्थित ग्राम साहुन नगर निवासी आरती कुमारी चैपमैन राजकीयकृत बालिका उच्च विद्यालय में आदेशपाल के पद पर कार्यरत है और वर्तमान में मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौरी मोहल्ले में मणि शरण शर्मा के मकान में किराये पर रहती हैं. मंगलवार दोपहर 12 बजे के आसपास वह अपने बड़े पुत्र उदय कुमार के साथ चेक द्वारा एक लाख नब्बे हज़ार रुपये की निकासी करने एसबीआई बैंक के कल्याणी स्थित शाखा में गयी. चेक भरने के क्रम में एक संदिग्ध युवक पास आकर उनसे गलत चेक भरे जाने की बात कही, जिसे आरती कुमारी ने अनसुना कर दिया. काउंटर पर चेक द्वारा निकासी उपरांत 500 रुपये के बण्डल मिलने के बाद उक्त युवक पुनः उनके पास आकर 2000 के 48 पीस और 100 रुपये के 40 नोट दिखाते हुए कहा की-मुझे छोटे नोटों की आवश्कता है, आप मेरे 2000 रुपये के बड़े नोटों के बदले 500 रुपये के नोट बदल दें. आरती कुमारी के शक होने और उनके मना करने पर उसने काउंटर पर बैठे महिला बैंककर्मी द्वारा चेक करा कर आश्वस्त होने की बात कही.
महिला बैंककर्मी ने भी मशीन द्वारा नोटों की गिनती कर सही करार दे दिया. इस बीच एक अन्य युवक ने महिला बैंककर्मी को बातों में फंसा लिया, इधर इसने आरती कुमारी को उलझा कर 500 रुपये के दो बण्डल बदल लिया और चलता बना. पैकेट खोले जाने पर आरती देवी ने पाया की बण्डल में 2000 के 3 और 100 रुपये के 40 नोट हैं, बाकि कागज़ भरा है. बैंक के बाहर आकर तलाशने की कोशिश की पर वहां पर कोई नहीं दिखा. इसकी जानकारी बैंक अधिकारियों और पुलिस को दी गई. नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जिसमें आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की गई. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
आरती कुमारी ने बताया की उनके पति संजय पासवान गाँव में रहकर मजदूरी करते हैं, खुद की नौकरी और दो पुत्र और एक पुत्री की पढाई के कारण उन्हें शहर में ही रहना पड़ता है. उन्होंने बताया की गाँव के कर्जदारों और मकान मालिक को रुपये देने के लिए बैंक से रुपयों की निकासी की थी. पुलिस प्रशासन के लाख दावों के बावजूद बैंको में और इसके आसपास लूट, छिनतई, ठगी के मामलों में इजाफा हुआ है. बैंक से पैसे निकासी उपरांत व्यक्तियों की रेकी कर अपराधी ठगी, छिनतई आदि जैसे अपराधों को अंजाम दे रहे हैं. बैंककर्मियों व इलाके के गश्ती पुलिस की भी भूमिका पर सवाल पैदा करता है कि बिना कार्य संदिग्ध रुप से बैंकों में मंडराते और रेकी करते उचक्कों की पहचान कर कार्रवाई नहीं की जाती है. संबंधित इलाकों की गश्ती गाड़ी भी बैंकों का एक चक्कर लगा कर कोरम पूरा करते हुये इतिश्री समझ लेते हैं. जबकि बैंकों में मंडराते उचक्कों की पहचान कर सघन तलाशी, जाँच और पूछताछ करने के स्पष्ट निर्देश हैं।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.