
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : सोशल मीडिया जहां सकारात्मक भूमिका अदा करता है वहीं कुछ लोग इसका दुरुपयोग भी करते हैं. सोशल मीडिया का गलत तरीके से उपयोग कर ऐसे लोग दुर्भावनाएं फैलाकर लोगों व समाज को बांटने की कोशिश में लगे रहते हैं. सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक और नकारात्मक जानकारी साझा की जाती है जिससे कि जनमानस पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. हाल में ऐसा कई बार हुआ है, जब सोशल मीडिया के जरिये अफवाहें फैलाकर लोगों में दहशत पैदा करने की कोशिश की गई, इसलिए मौजूदा हालात में साइबर पेट्रोलिंग आज की ज़रूरत है.

बिहार के पुलिस कप्तान पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पाण्डेय द्वारा भी खासकर नौजवानों से सोशल मीडिया के दुरुपयोग और इससे सावधान रहने की अपील कई बार करते हुये कहा है कि कोई अफवाह व भ्रामक संदेश प्रसारित करके बच नहीं सकेंगे, सोशल मीडिया का दुरूपयोग जानलेवा साबित हो सकता है.
उन्होंने जानकारी देते हुए कई बार बताया है कि बिहार के 40 जिलों में साइबर सेल की स्थापना हो चुकी है जो सभी के संदेश और सूचनाओं पर नजर रख रहा है और कोई यह न सोचें कि की वे इसकी गलत मंशा से इस्तेमाल कर इससे बच सकेंगे.

इस क्रम में पर्व त्योहार और लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुये मुजफ्फरपुर पुलिस की ओर से सोशल मीडिया यूनिट के द्वारा वैसे लोगों की पहचान की जा रही है जिनकी मंशा समाज में अशांति फैलाने की रहती है. ऐसे लोग जो सामाजिक सद्भाव के बीच अशांति पैदा करेंगे. चाहे ऐसी मंशा रखने वाले कोई भी हो वे इस यूनिट के कारवाई के दायरे से बच नहीं पाएँगे. दूसरी ओर सामाजिक शांति के समर्थक युवाओं का सक्रिय सहयोग भी प्राप्त कर रही है. जिला प्रशासन द्वारा समाज को सहयोग करने वाले, साम्प्रदायिक सद्भाव, शांतिपूर्ण माहौल को हर हाल में कायम रखने की नीयत रखने वाले ऐसे लोगों को “साइबर सेनानी” बनाया जा रहा है.

इसकी शुरुआत करते हुये मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार की निगरानी में सोशल मीडिया यूनिट कार्यान्वित है और यह आदेश जन सामान्य के जान-माल की सुरक्षा तथा भविष्य में लोकशांति भंग होने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है. पुलिस का सोशल मीडिया यूनिट न सिर्फ चैट रूमों पर नज़र रखेगा, बल्कि मैसेज बॉक्सों और वॉल्स भी पुलिस की निगाहों में होंगे. वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा जनहित में जारी यह संदेश साईबर सेल से सीधे आमजनों के मोबाईल पर प्रेषित किया जायेगा.

एसएसपी द्वारा जारी संदेश के अनुसार अमन, चैन, शांति-सद्भाव की चाहत रखने वाले किसी भी वर्ग के युवा मुजफ्फरपुर पुलिस के साइबर सेनानी बन सकते है. इसके लिए स्थानीय थाना से सम्पर्क कर जिले के एसएसपी के पास नाम, स्थायी पता, फोटो, आधार कार्ड और मोबाईल नम्बर के साथ आवेदन दे सकते है. एसएसपी ने कहा कि साइबर सेनानियों की आज समाज में बहुत ज़रूरत है. आजकल फेसबुक/वाटस्एप के द्वारा मोबाईल में कई आपत्तिजनक विडियो, मैसेज या फोटो शेयर फारवर्ड के माध्यम से आपके मोबाईल आता रहता है. ये संदेश अधिकांश गलत ही होता है. गलत मंशा से इसे बनाया ही जाता है और आपके पास भेजा जाता है, ताकि समाज में अशांति फैले, उन्माद फैले.

ऐसे निराधार संदेशों का उद्धेश्य समाजिक विद्वेश पैदा करना होता है. कई बार इसको देखकर या पढ़कर आप भी उत्तेजित हो जाते हैं. ये एक नैरेटिव सेट करने की एक प्रक्रिया होती है, जिसे आपको स्वयं अपने बुद्धि विवेक से काम लेते हुये उसे तत्क्षण डीलीट कर देना चाहिये. बिना सोचे-समझे उक्त पोस्ट, मैसेज को फाॅरवर्ड न करें. इससे यह विवादित या आपत्तिजनक पोस्ट मैसेज वायरल होकर सामाजिक तनाव के बाद हिंसक रूप धारण कर लेता है. ऐसे में आपसे निम्न निवेदन किया जाता है:-

1. कोई भी अफवाह फैलने पर पुलिस को बताए (डायल-100 नम्बर) उसे वायरल न करें। अफवाह फैलाना अनजाने में या जान-बुझकर कानुन की धारा-153 (ए) भा.द.वि. के तहत अपराध है. मुजफ्फरपुर पुलिस इस बिन्दु पर बहुत सख्त है. हाल में फ़ेसबुक पर आपत्तिजनक संदेश फैलाने वाले 12 लोगों पर कानूनी कार्रवाई भी हो चुकी है.

2. किसी भी स्थिति में कानून का पालन करें और कानून अपने हाथ में न ले. बिना नेतृत्व के या ग़लत नेतृत्व के किसी भीड़ का हिस्सा न बनें और संयम बरतें. अगर कहीं कुछ गैर-कानूनी बात /घटना हो रही है तो आप उसकी सूचना अविलम्ब स्थानीय पुलिस को दें. संवेदनशील मुद्दों पर स्वयं या अपने मित्रों के साथ कोई सीधी कार्रवाई न करें अन्यथा भा0द0वि0 की धारा 129 के तहत आप गैर-कानूनी भीड़ के अंग माने जायेगें और आपके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज हो जायेगी.

आपको स्पष्ट कर दूं की माननीय सुप्रीम कोर्ट भी इस मुद्दे पर बहुत सख्त है. किसी संवदेनशील मुद्दे पर भीड़ बनाना, भीड़ में शामिल होना, कानून अपने हाथ में लेना, आपके द्वारा या आपके मित्रों की टोली द्वारा किसी के साथ मारपीट करना या अभद्र भाषा, टिप्पणी करना, किसी संवेदनशील मुद्दे पर ख़ुदमुख़्तार बनना जिसका परिणाम हिंसा या हिंसक भीड़ होगी उसके लिए सीधे प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश है. स्थानीय न्यायालय को भी आदेश है कि छः माह के भीतर ऐसे दोषियों को सजा मुकर्रर कर दी जाए. आज की तिथि में ऐसा किया भी जाएगा.

अतः आपसे पुनः अनुरोध करता हूँ कि सयाज सूबे व देश के एक शांतिप्रिय और जिम्मेदार नागरिक बने. पुलिस का साइबर सेनानी बने, कुछ भी गैर-कानूनी दिखे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को (डायल-100 नम्बर) दें. स्वयं कानून अपने हाथ में कदापि न लें. अगर मोबाईल का प्रयोग करते हैं, तो सुनिश्चित करे कि विद्वेष फैलानी वाली कोई भी कार्यवाई या सामग्री आपके मोबाईल में न हो. आप अपने मित्रों/परिजनों को भी इस सामान्य बुराई के प्रति जागरूक करने का कष्ट करें. पुलिस-मित्र बने, और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें. मुजफ्फरपुर पुलिस सामाजिक शांति के तरफ बढ़ाए गए आपके हरेक कदम का स्वागत एवं प्रशंसा करेगी.
(सोशल मीडिया यूनिट)
वरीय पुलिस अधीक्षक,
कार्यालय, मुजफ्फरपुर
