UPDATE–MUZAFFARPUR : तीन शातिर लुटेरे समेत एक हत्यारोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, एसएसपी द्वारा जिले में चलाये जा रहे विशेष जांच के दौरान मिली सफलता

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र वरीय पुलिस अधिकारियों के दिशा निर्देश पर शहर को सील कर जिले में सघन जांच सह तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. इस क्रम में जिला पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सुचना के आधार पर भगवानपुर चौक से अगस्त 2018 में हुई एक हत्या मामले में आरोपित काँटी पानापुर ओपी अन्तर्गत शेरुकाँही निवासी नवीन कुमार उर्फ़ फुल्टन को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार हत्यारोपी के पास से वीवो और ओप्पो कंपनी का दो स्क्रीनटच मोबाइल बरामद किया गया. नविन कुमार उर्फ़ फुल्टन का आपराधिक इतिहास रहा है. उस पर काँटी पानापुर ओपी में आर्म्स एक्ट और एक भुजा बेचने वाले की गोली मार कर हत्या करने का मामला दर्ज है. पुलिस छापेमारी में पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी कृष्ण मुरारी प्रसाद, काँटी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार, पानापुर ओपी अध्यक्ष विनोद दस, तूफानी पंडित और पुलिस बल शामिल थे. इस कांड के अन्य अभियुक्तों को पुलिस द्वारा पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चूका है.

मामले की जानकारी देते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया की अपराधी राहुल कुमार, विशाल कुमार उर्फ़ लाल कुमार, दीपक कुमार, हिमांशु कुमार, तरुण पराशर, गोलू कुमार, नवीन कुमार उर्फ़ फुल्टन, कुमोद कुमार एवं अपहृत रघु कुमार मिलकर साथ में अवैध शराब का कारोबार करते थे. कारोबार में हुए लाभ के रुपये रघु अपने बाकि अन्य साथियों को नहीं दे रहा था. रुपया नहीं देने के कारण सभी ने मिलकर रघु के अपहरण की योजना बनाई और मिलीभगत कर 12 अगस्त 2018 को इंडिका कार से रघु का अपहरण कर बलहा जंगल में ले जाकर मारपीट की और रघु के परिजनों से रुपयों की मांग की. परिजनों द्वारा रुपया देने में असमर्थता जताये जाने के उपरांत विशाल कुमार का पिस्टल लेकर नवीन कुमार उर्फ़ फुल्टन ने अपहृत रघु को गोली मार दी थी.
हत्या करने के बाद सभी आरोपियों ने रघु के शव को इंडिका कार में लाद कर सरैया रेवा घाट नदी में फेंक दिया गया था. राहुल कुमार, लाला कुमार व दीपक कुमार काँटी पानापुर थाना क्षेत्र के पानापुर करियात निवासी हैं. इस सम्बन्ध में रामसागर सिंह की पत्नी मोहर देवी ने रघु के अपहरण का आरोप लगाते हुए गांव के ही तीन नामजद व चार पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. दर्ज प्राथमिकी में गांव के ही राहुल कुमार, विशाल कुमार व दीपक कुमार पर रंगदारी को लेकर अपहरण का आरोप लगाया था. कुछ समय बाद रघु का शव सरैया के रेवा घाट नदी से बरामद किया गया था.

पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई थी कि पानापुर से रघु का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या गोली मार कर दी गयी थी. इस बात का खुलासा पूर्वी चंपारण जिले के डुमरिया घाट पुलिस के हत्थे चढ़े पांच शातिर अपराधियों ने किया था. तलाशी के दौरान उनके पास से तीन लाख रुपये नगद, तीन मोबाइल, दो लैपटॉप, एक पिस्टल व चार राउंड जिंदा कारतूस भी जब्त किये गये थे. बरामद पैसे व लैपटॉप मुजफ्फरपुर के भगवानपुर चौक स्थित ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के कार्यालय से 27 अगस्त की रात चोरी किये गये थे. पानापुर पुलिस की सूचना पर दिल्ली जा रही बंगाल टाइगर नामक बस को रोक कर तलाशी लेकर पांच अपराधियों क्रमश: राहुल कुमार, हिमांशु कुमार, तरूण कुमार, विशाल उर्फ लाला, दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया था. जबकि इस मामले में फुलटुन फरार हो जाने में सफल रहा था. गिरफ्तार सभी अपराधी काँटी पानापुर थाना क्षेत्र के पानापुर करियात व मुजफ्फरपुर के निवासी बताये जाते हैं. इस गिरफ्तारी में चकिया डीएसपी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने मुख्य भूमिका निभायी थी.

गिरफ्तार राहुल कुमार के पिता सुबोध ठाकुर की भी आपराधिक पृष्ठभूमि रही है और उस पर भी पूर्व से मामला दर्ज है. वह मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर निवासी कुख्यात अपराधी चुन्नू ठाकुर का रिश्तेदार भी है. बता दें कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से बरामद लैपटाप व नगद रुपये सदर थाना क्षेत्र के एंटेक्स ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय से 27 अगस्त 2018 की रात चोरी हुये 5 लाख 51 हजार रुपये नगद, दो लैपटाप और एक मोबाईल की चोरी मामले के थे.

मोतिहारी के नए गैंग के तीन शातिर लुटेरे हथियार समेत गिरफ्तार

वरीय पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देश पर चलाये जा रहे विशेष जाँच अभियान के तहत पुलिस को गुप्त सूचना मिली की कुछ संदिग्ध अपराधी एनएच 28 पर मोटरसाइकिल लूट की योजना को लेकर जुटे हैं. वरीय अधिकारीयों को सूचना की जानकारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी कृष्ण मुरारी प्रसाद के नेतृत्व में काँटी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार, पुअनि सच्चिदानंद सिंह व काँटी थाना पुलिस बल ने काँटी थाना क्षेत्र के किशुनगर स्थित एनएच 28 पर घेराबंदी कर छापेमारी की. पुलिस को देख कर सभी अपराधी भागने लगे, जिन्हे खदेड़ कर पकड़ा गया. गिरफ्तार लुटेरों की पहचान मोतिहारी जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के चिंतावनपुर निवासी राजेंद्र कुमार, पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के वानरझूला भगवानपुर निवासी सिकंदर साहनी और थरवितियाँ के राजेश कुमार सहनी के रूप में की गयी.

तलाशी के क्रम में उनके पास से 7.65 एमएम का एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम के 06 राउंड जिन्दा कारतूस, नोकिया कंपनी का एक मोबाइल, सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल, माईक्रोमक्स कंपनी का एक मोबाइल और सफ़ेद रंग का एक टीवीएस कंपनी का अपाचे मोटरसाइकिल बरामद किया गया है. गिरफ्तार अपराधियों से पुलिस पूछताछ कर जांच पड़ताल में जुटी है. पूछताछ में अपराधियों ने मोतिहारी जिले के कई थाना क्षेत्रों में घटित हुई आपराधिक कांडो में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. बरामद मोबाइल की पुलिस साइबर सेल द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.