MUZAFFARPUR : तीन हाईवे लुटेरा समेत एक हत्यारोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, हथियार बरामद

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : लोकसभा चुनाव व रामनवमी पर्व के मद्देनजर वरीय पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देश पर चलाये जा रहे विशेष जाँच अभियान के तहत हथियार के साथ तीन शातिर अपराधियों सहित एक हत्यारोपित को गिरफ्तार करने में जिला पुलिस ने सफलता हासिल की है.
जानकारी के अनुसार कांटी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ औचक निरीक्षण और जाँच अभियान के क्रम में इलाके में गश्त लगा रहे थे. इस बीच थाना क्षेत्र के छिन्नमस्तिका मंदिर के समीप एक चाय दुकान के पास बिना नम्बर की अपाचे मोटरसाइकिल संदिग्धावस्था में लगी देखी. संदेह के आधार पर थानाध्यक्ष द्वारा चाय दुकान के पास खड़े युवकों से जैसे ही पूछताछ को पहुँचे वहाँ मौजूद तीन युवक भागने लगे जिसे पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान युवकों के पास से एक पिस्टल व कारतूस बरामद किये गये. सभी अपराधी पूर्वी चम्पारण के मोतिहारी निवासी बताये जाते हैं. गिरफ्तार अपराधियों से पुलिस पूछताछ कर जांच पड़ताल में जुटी है.

कांटी थाना की पुलिस द्वारा गिरफ्तार अपराधी सक्रिय हाईवे लुटेरे बताये जा रहें हैं. पुलिस सभी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है और यह भी पता लगाने में जुटी है कि इनकी किन-किन अपराध की घटनाओं में संलिप्तता रही है.

इधर एक अन्य मामले में गुप्त सूचना के आधार पर अगस्त 2018 में हुई एक हत्या मामले में हत्यारोपित पानापुर ओपी अन्तर्गत फुहकाहाँ निवासी फुलटुन को गिरफ्तार करने में भी पुलिस ने कामयाबी हासिल की है.
जानकारी के अनुसार 2018 के अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में पानापुर करियात निवासी रामसागर सिंह का बेटा रघु कुमार लापता हो गया था. इस संबंध में रामसागर सिंह की पत्नी मोहर देवी ने रघु के अपहरण का आरोप लगाते हुए गांव के ही तीन नामजद व चार पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. दर्ज प्राथमिकी में गांव के ही राहुल, विशाल व दीपक पर रंगदारी को लेकर अपहरण का आरोप लगाया था. कुछ समय बाद रघु का शव सरैया इलाके की नदी से बरामद किया गया था.

पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई थी कि पानापुर से रघु का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या गोली मार कर दी गयी थी. इस बात का खुलासा पूर्वी चंपारण जिले के डुमरिया घाट पुलिस के हत्थे चढ़े पांच शातिर अपराधियों ने किया था. तलाशी के दौरान उनके पास से तीन लाख रुपये नगद, तीन मोबाइल, दो लैपटॉप, एक पिस्टल व चार राउंड जिंदा कारतूस भी जब्त किये गये थे. बरामद पैसे व लैपटॉप मुजफ्फरपुर के भगवानपुर चौक स्थित ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के कार्यालय से 27 अगस्त की रात चोरी किये गये थे.

पानापुर पुलिस की सूचना पर दिल्ली जा रही बंगाल टाइगर नामक बस को रोक कर तलाशी लेकर पांच अपराधियों क्रमश: राहुल कुमार, हिमांशु कुमार, तरूण कुमार, विशाल उर्फ लाला, दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया था. जबकि इस मामले में फुलटुन फरार हो जाने में सफल रहा था. गिरफ्तार सभी अपराधी कांटी व मुजफ्फरपुर के निवासी बताये जाते हैं.

गिरफ्तार राहुल कुमार के पिता सुबोध ठाकुर की भी आपराधिक पृष्ठभूमि रही है और उस पर भी पूर्व से मामला दर्ज है. वह मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर निवासी कुख्यात अपराधी चुन्नू ठाकुर का रिश्तेदार भी है. राहुल ने अपने साथियों के साथ मिल कर अपने ग्रामीण रघु का अपहरण किया था और उसकी गोली मार हत्या कर शव को सरैया में एक नदी में फेंक दिया था. पकड़े गये अपराधियों से मुजफ्फरपुर की सदर व पानापुर पुलिस ने भी पूछताछ की थी. इस गिरफ्तारी में चकिया डीएसपी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने मुख्य भूमिका निभायी थी.

बता दें कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से बरामद लैपटाप व नगद रुपये सदर थाना क्षेत्र के एंटेक्स ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय से 27 अगस्त 2018 की रात चोरी हुये 5 लाख 51 हजार रुपये नगद, दो लैपटाप और एक मोबाईल की चोरी मामले के थे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.