रेल पुलिस की एस्काॅर्ट जाँच में 8.5 लाख रुपये समेत विदेशी मुद्रा बरामद, यूपी के दो गिरफ्तार

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से मुजफ्फरपुर रेल जिलान्तर्गत सभी रेल पुलिस की विशेष टीम द्वारा रेलवे स्टेशनों सहित थानाध्यक्षों के नेतृत्व में ट्रेनों में व्यापक रूप से तलाशी सह जांच अभियान चलाया जा रहा है. रेल एसपी द्वारा सभी रेल थानाध्यक्षों को सख्त हिदायत दी गयी है कि संबंधित जिलों के रेल थानाध्यक्षों के नेतृत्व में ट्रेनों में सेक्शनवार सघन जांच अभियान चलाया जाये. इस दौरान नरकटियागंज रेल पुलिस द्वारा भारी मात्रा में नगद राशि के साथ ही चार एटीएम कार्ड, पांच लैपटॉप समेत विदेशी करेंसी बरामद करने में सफलता हासिल की है. संभावना जताई जा रही है कि, इन पैसों का इस्तेमाल लोकसभा चुनावों के दौरान होना था. इतनी भारी मात्रा में नगदी बरामद होने से रेल पुलिस समेत आयकर विभाग, चुनाव आयोग व खुफिया विभाग भी सतर्क हो गया है.

मिली जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव को लेकर रेल पुलिस हाई अलर्ट मोड पर है. रेल अधिकारियों द्वारा त्योहारों और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कड़ी चौकसी बरती जा रही है. रेल एसपी के दिशा निर्देश पर और अंतरराज्यीय बैठक में लिए गए निर्णयानुसार ट्रेनों में सघन जांच व तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. इस क्रम में आज नरकटियागंज के अपराध नियंत्रण केंद्र बगहा में पदस्थापित मोहम्मद शब्बीर खान एवं सिपाही राजू साह द्वारा गाड़ी संख्या 15052 डाउन पूर्वांचल एक्सप्रेस में एस्कॉर्ट चेकिंग के दौरान बोगी संख्या S7 के बर्थ नंबर दो एवं चार के पास जांच के दौरान दो युवकों की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर उनकी तलाशी ली गई.

तलाशी के दौरान उनके पास एक बैग और एक ट्रॉली में रखे पाँच-पाँच सौ के नोटों के 17 बंडल में साढे़ आठ लाख रुपये नगद और 9 लीटर महंगे ब्रांड के अवैध विदेशी शराब/स्काॅच बरामद किया गया. साथ ही उनके पास से पांच पुराने एचपी कंपनी के लैपटॉप, बारह सौ रुपये की विदेशी मुद्रा, चार एटीएम कार्ड, दो पहचान पत्र, चार पैन कार्ड, दो आधार कार्ड दो मोबाइल के साथ ही दो ट्रॉली में फेरी का कपड़ा बरामद किया गया.

बरामद रुपयों के संबंध में युवकों द्वारा संतोषप्रद जवाब न दिए जाने की स्थिति में वरीय अधिकारियों को सूचित करते हुये हिरासत में ले लिया गया. गिरफ्तार युवकों की पहचान उत्तर प्रदेश गोरखपुर के बेलीपुर थाना क्षेत्र के मौआपार निवासी अखिलेश मधेसिया और शिकारीगंज थानान्तर्गत बनकट्टा निवासी दीपक कुमार के रुप में की गई है.

इस सम्बन्ध में रेल एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया की बरामद रकम के बारे में युवकों द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका है, न ही बरामद रुपयों और अन्य सामानों से संबंधित कोई दस्तावेज ही प्रस्तुत कर सके हैं. दो रेल डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम मामले की जांच कर रही है. मामले की जानकारी चुनाव आयोग और आयकर विभाग को दे दी गई है. गिरफ्तार दोनों युवकों से सघन पूछताछ की जा रही है. फिलहाल रेल पुलिस अधिकारियों के साथ आयकर विभाग की टीम भी जांच कर रही है. बरामद रकम के दस्तावेज पेश करने कहा गया है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading