
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर जिले के 851 व्यक्तियों के हथियार का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है. सोमवार को इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने मीडिया के माध्यम से दी. उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लोगों को लाइसेंस और हथियार जमा करने का आदेश दिया गया था. इसके बावजूद लोगों ने अपने हथियार और लाइसेंस जमा नही किये थे. चुनाव आयोग के निर्देशन पर यह कार्रवाई की गई है.

जिसके बाद जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित व्यक्तियों के हथियार का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. इसके बाद वैसे लोगों का हथियार अवैध माना जायेगा. हथियारों के लाइसेंस निलंबन की सूची में सबसे अधिक नगर थाना के 212 मामलें हैं, जिसके हथियारों के लाइसेंस निलंबित किये जायेंगे.

एसएसपी ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के 135, सरैया थाना क्षेत्र के 107, कांटी थाना क्षेत्र के 95, अहियापुर थाना क्षेत्र के 88, ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के 67, मोतीपुर थाना क्षेत्र के 50, बरुराज थाना क्षेत्र के 48, औराई थाना क्षेत्र के 21, कथैया थाना क्षेत्र के 19, मुशहरी थाना क्षेत्र के 08 और बेला थाना के 01 व्यक्ति के हथियार लाइसेंस निलंबित कर दी गई है. वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उपरोक्त व्यक्तियों को आगामी 3 दिनों के अन्दर संबंधित थानों में हथियार जमा कराना है, अन्यथा विधिसम्म्त धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.

गौरतलब हो कि आचार संहिता के दौरान लाइसेंसी हथियार न जमा करवाने पर आदेशों का उल्लंघन होता है. ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस धारा 188 के तहत मामला दर्ज कर सकती है. इसके तहत एक माह से लेकर छह माह तक सजा का प्रावधान है. लाइसेंस भी रद्द हो सकता है. साथ ही केंद्र सरकार द्वारा हथियारों के लाइसेंस धारकों को लेकर लिये गये फैसले के अनुसार, हथियार धारक व्यक्ति को अपने लाइसेंस की जानकारी नेशनल डाटा बेस ऑन आर्म्स लाइसेंस (NDAL) पर निर्धारित अवधि तक अपलोड करना है. ऐसा न करने पर धारक के हथियार का लाइसेंस निरस्त किये जा सकते हैं.
