
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : लोकसभा चुनाव के दौरान प्रशासन की मुस्तैदी और सतर्कता से वारंटियों की गिरफ़्तारी में जिले की पुलिस प्रशासन को मिल रही है सफलता. वरीय पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देश उपरांत शहरी व ग्रामीण थानों ने फरारी व वारंटियों की सूची उपलब्ध कराये जाने के बाद समाहरणालय परिसर में दागी उम्मीदवारों के साथ ही प्रस्तावको को भी धर दबोचने में कामयाबी मिल रही है. मंगलवार को वैशाली लोकसभा क्षेत्र की उम्मीदवार सुषमा कुमारी के नामांकन में आये उम्मीदवार और युवा संघर्ष शक्ति की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा सुषमा कुमारी के पिता और प्रस्तावक मदन ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इसकी पुष्टि जिला निर्वाचन पदाधिकारी आलोक रंजन घोष ने की.

इस सम्बन्ध में वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया की काँटी के ग्राम परसौनी रईस निवासी जटहु ठाकुर के पुत्र साहेबगंज थाना के 8 साल पूर्व के एक डकैती और लूटपाट के मामले में स्थायी वारंटी था और वर्षों से फरार था. उसे समाहरणालय परिसर से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. महिला उम्मीदवार सुषमा कुमारी ने इसे विपक्षियों की सोची समझी साजिश बताया है.

बता दें की निर्वाचन आयोग द्वारा फरारी व वारंटियों को गिरफ्तार किये जाने के दिशा निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा सूची बना कर फरारी व वारंटियों को गिरफ्तार किया जा रहा है. बीते सोमवार को भी वैशाली लोकसभा क्षेत्र से नामांकन करने आये प्रत्याशी नबी हसन को साहेबगंज थाना के आर्म्स एक्ट के एक मामले में समाहरणालय परिसर से नामांकन के उपरांत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया था.
