भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देखने वाली महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। पहली बार सैन्य पुलिस में जवान के तौर पर महिलाओं की भर्ती के लिए आज से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गए हैं। जनरल बिपिन रावत ने सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के तुरंत बाद इस परियोजना को शुरू किया था।
हाल ही में रक्षा मंत्रालय से इसके लिए हरी झंडी मिली है। रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी थी। उनका कहना था कि सेना पुलिस की कुल तादाद में महिलाओं के 20 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। महिलाओं की भर्ती पर्सनल बिलो आफिसर रैंक (पीबीओआर) के तौर पर की जाएगी।

सैन्य पुलिस में शामिल होने वाली महिलाएं दुष्कर्म, छेड़छाड़ जैसे मामलों की जांच करेंगी। सेना पुलिस का रोल सैन्य प्रतिष्ठानों के साथ ही कैंटोनमेंट क्षेत्र की देखरेख करने का होता है। सेना पुलिस शांति और युद्ध के समय जवानों और उनके सामान की गतिविधि को संचालित करती हैं।
800 महिलाओं की सेना पुलिस में भर्ती की जाएगी। महिलाओं की सालाना भर्ती दर 52 होगी। अभी तक शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत मेडिकल, सिग्नल, एजुकेशन और इंजीनियरिंग कोर में महिलाओं की भर्ती की जाती है। हालांकि अब महिलाओं को युद्ध में भर्ती किए जाने पर विचार किया जा रहा है।
रक्षा राज्यमंत्री सुभाष भामरे ने राज्यसभा में बताया था कि सेना में महिलाओं की हिस्सेदारी 3.80 प्रतिशत है। वहीं वायुसेना में 13.09 और नौसेना में 6 प्रतिशत की तादाद में महिलाएं शामिल हैं।