राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बोले मोदी, तुगलक रोड चुनाव घोटाले के पैसे का इस्तेमाल नामदार के प्रचार के लिए हुआ

अपने संसदीय सीट वाराणसी से नामांकन दाखिल करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी रैली करने मध्य प्रदेश के सीधी पहुंचे। रैली में मध्य प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि तुगलक रोड चुनाव घोटाले के पैसे का इस्तेमाल नामदार के प्रचार के लिए हुआ।प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में 30 साल के बाद दिल्ली में पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र सरकार बनी थी और उसमें मध्य प्रदेश का बहुत बड़ा योगदान था।

इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्होंने कुछ गलत किया, तो उनके घर पर भी आयकर का छापा पड़ना चाहिए।उन्होंने राज्य की जनता से भारी संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि इस जगह के साथ बीरबल का नाम जुड़ा है। बीरबल की खिचड़ी के बारे में बच्चा-बच्चा जानता है।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस महामिलावटियों के साथ मिलकर खिचड़ी पकाने वाली थी, लेकिन तीन चरण के मतदान के बाद उसे समझ आ गया है कि वंशवाद के चूल्हे में अब ताप नहीं है। अब देश का हर चौकीदार जाग चुका है और नए भारत के सपने के साथ आगे बढ़ रहा है। देश ने कमजोर और मजबूर सरकार बनाने के सारे मंसूबों पर पानी फेर दिया है।

बिजली के मामले में उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का बिजली का बिल कम करने का वादा था और इसका उपाय इन्होंने बिजली की आपूर्ति ही कम करके निकाला है। जितनी बिजली शिवराज जी की सरकार में मिलती थी, उससे आधी बिजली कांग्रेस सरकार देकर आपका बिजली का बिल कम कर रही है। सीधी सहित ये पूरा क्षेत्र तो पावर हब रहा है। यह क्षेत्र हमारे सौर ऊर्जा अभियान का एक अहम सेंटर होने वाला है।इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस की कर्जमाफी घोषणा पर भी सवाल उठाया और कहा कि उन्हें झूठ बोलने की आदत है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.