साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर अपनी एक टिप्पणी को लेकर गीतकार जावेद अख्तर मुश्किल में फंस गए हैं। उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है। जावेद अख्तर ने अपने एक बयान में साध्वी प्रज्ञा की तुलना रावण से की थी। इसे लेकर काफी बवाल भी मचा था। भोपाल में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जावेद अख्तर ने कहा था, ‘उसके भेष पर मत जाओ।

सिर्फ इसलिए कि एक व्यक्ति संत की तरह दिखता है इसका मतलब यह नहीं है कि वह व्यक्ति संत है। यह मत भूलिए कि जब रावण सीता का अपहरण करने के लिए आया था, तो वह भी एक संत की तरह कपड़े पहने था।’ जावेद अख्तर पर भोपाल की जेएमएफसी कोर्ट में एक अपराधिक मानहानि केस दायर किया गया है। यह केस एडवोकेट राजेश कुंसारिया द्वारा एडवोकेट संतोष शर्मा और श्रेयराज सक्सेना द्वारा धारा 500 के तहत लगाया गया है। मामले की सुनवाई 24 मई, 2019 को होगी
। जावेद अख्तर ने अपने एक बयान में कहा था कि अगर साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के शाप से एक देशभक्त अफसर शहीद हो सकता है तो मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को सुझाव दूंगा कि इनके (प्रज्ञा) शाप को हाफिज सईद और दूसरे आतंकियों पर इस्तेमाल करें, ताकि वे (आतंकवादी) एक साथ खत्म हो जाएं।