MUZAFFARPUR : जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 61.30 फीसदी मतदान सम्पन्न, 8 गिरफ्तार

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : 15-मुजफ्फरपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में सोमवार 06 मई को मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो गया.

पांचवे चरण के तहत 15 मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी छह विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हुआ. भयमुक्त वातावरण में 61.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष और वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने संयुक्त रुप ने बताया कि दोपहर 2 बजे तक 38.42 प्रतिशत मतदान हुआ था लेकिन धूप कम होने के बाद शाम 5 बजे तक मतदान प्रतिशत में इजाफा हुआ और 56.37 प्रतिशत लोगों ने मत डाले जो पिछले लोकसभा चुनाव से अधिक दर्ज की गई है।

इधर मतदान को लेकर सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतार लग गई. खासकर महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लिया. दोपहर चिलचिलाती धूप में भी मतदाता कतार में खड़े रहे.

हालांकि जिले के 1748 मतदान केंद्रों में कई जगहों पर ईवीएम की खराबी के कारण मतदान देर से प्रारंभ हुआ. वहीं दो जगहों पर ग्रामीणों ने वोट का बहिष्कार किया. मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र के कटरा प्रखंड के डुमरी गांव के ग्रामीणों ने विगत 70 वर्षों से चचरी पुल से निजात नहीं दिलाने और प्रत्याशियों के नहीं आने पर विरोध जताते हुए वोट बहिष्कार किया. लिहाजा उक्त बूथ केवल 2 मत पड़े. वहीं विधानसभा क्षेत्र के औराई में बूथ संख्या 232 पर ग्रामीणों ने बिजली और विस्थापन की समस्या को मुद्दा बताते हुये वोट का बहिष्कार किया.

जिलाधिकारी ने बताया कि हालांकि बिजली की समस्या सुलझा ली गई है पर विस्थापन की समस्या जल्द सुलझाना संभव नहीं है अधिकारियों ने गांव में जाकर के लोगों को समझाने बुझाने का हर संभव प्रयास किया पर मतदान करने के लिए किसी को दवाब देने अधिकार नहीं है.

डीएम ने बताया कि जिले में चुनाव के मद्देनजर कुल 340 बूथों पर 243 माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई थी. इस दौरान कुल 30 शिकायतें मिली. ईवीएम गड़बड़ी को लेकर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 26 बैलेट यूनिट 13 कंट्रोल यूनिट और 25 वीवीपैट मशीन बदले गए.

जिले में महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुष मतदाताओं के मुकाबले अधिक गई जहां 63 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने, वहीं 54 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. उन्होंने बताया कि 15 मुजफ्फरपुर संसदीय क्षेत्र में कुल 30 मॉडल मतदान केंद्र बनाए गए थे वहीं महिलाओं द्वारा संचालित पिंक बूथ बनाए गए थे जहां उत्साही मतदाताओं ने उल्लास पूर्वक अपने मत का प्रयोग किया. जिले के दिव्यांग मतदाताओं और प्रथम बार अपने मत का प्रयोग कर रहे युवा मतदाताओं को जिला प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित भी किया गया.

उन्होंने बताया कि कुढ़नी और गायघाट के 1-1 बूथों पर लगभग पौने 2 घंटे बाद मतदान प्रारंभ हो पाया, वही बोचहां के उनसर प्रखंड में भी मतदान देर से प्रारंभ होने की शिकायत मिली थी. डीएम ने कहा कि मतदान प्रारंभ में अगर 2 घंटे से अधिक का वक्त लगता है तो वहां चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार रिपोल कराने का प्रावधान है.

साहू रोड में ईवीएम बरामदगी मामले में जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव के दौरान सेक्टर पदाधिकारी अवधेश सिंह जो कृषि पदाधिकारी हैं, उन्हें अतिरिक्त ईवीएम, वीवीपैट और कन्ट्रोल यूनिट के साथ मुस्तैद व गतिशील रखा गया था ताकि मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र में कहीं भी ईवीएम गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर उसे बदला जा सके. इस दौरान सेक्टर पदाधिकारी के ड्राइवर ने अपने मत का प्रयोग नहीं किया था और मतदान करने की इच्छा जताते हुए साहू रोड में उन्होंने एक निजी परिसर में ईवीएम मशीन और बैलेट यूनिट को रखा जो चुनाव आयोग के दिशा निर्देश के अनुसार अपराध माना जाएगा इसके खिलाफ विभागीय जांच कर उनपर कारण परीक्षा पृच्छा नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने सेक्टर पदाधिकारी के साथ ही लखीसराय पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर बृजलाल प्रसाद समेत चार पुलिस कर्मियों क्रमश: रविंद्र कुमार राम, रामानंद चौधरी और रविंद्र कुमार को भी मामले में दोषी पाया है. उन्होंने बताया है कि उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जा रही है..

वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि जिले में चुनाव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में एक अच्छे प्रतिशत से संपन्न हुआ इसके लिए मैं तमाम जिला वासियों के जज्बे की सराहना करता हूं. चुनाव के दौरान एक शराबी समेत सात व्यक्तियों को बेनीबाद ब्रह्मपुरा समेत अन्य जगहों से बाइक समेत गिरफ्तार किया गया है. जांच कर विचारोपरांत उन पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.

जिले के 1748 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं प्राप्त हुई जबकि 709 संवेदनशील बूथ चिन्हित किए गए थे. संवेदनशील व नक्सल प्रभावित बूथों पर अर्ध सैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.