पटना. राज्य सरकार ने सूखाग्रस्त इलाकों में खराब हो चुकी फसल की कटाई नहीं करने की सलाह दी है ताकि सर्वेक्षण में फसल क्षति की वास्तविक स्थिति का पता चल सके। सर्वे के आधार पर ही किसानों को फसल सहायता योजना का लाभ मिलेगा।
बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में सूखा, फसल की वर्तमान स्थिति, कम वर्षा होने से विभाग की तैयारियों और पेयजल के जलस्तर की समीक्षा की। इसी दौरान किसानों को यह सुझाव देने पर सहमति बनी कि जो फसल सूख गई है, उसकी किसान शीघ्र कटाई न करें।
सीएम ने आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सहायता के संबंध में तैयारी करने को कहा। आंकड़ों को 15 तक तैयार कर लिया जाएगा ताकि किसानों को सहायता योजना के संबंध में फैसला लिया जा सके। सीएम ने पीएचईडी को पेयजल की प्रखंडवार सर्वे कराने को कहा। सीएम ने खराब चापाकलों को हटाकर नए चापाकल लगाने का भी निर्देश दिया।